menu-icon
India Daily

शराब की लत में डूबा रहता था देओल परिवार का ये लाडला, आज नेटवर्थ में सनी-बॉबी से भी निकला आगे

देओल परिवार से आने वाले अभय देओल ने बॉलीवुड में अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाई है. फिल्म देव डी के बाद वे कुछ समय तक शराब की लत में भी डूबे रहे थे. लेकिन आज वे अपने बिजनेस और निवेश की वजह से परिवार के सबसे अमीर सदस्यों में गिने जाते हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
शराब की लत में डूबा रहता था देओल परिवार का ये लाडला, आज नेटवर्थ में सनी-बॉबी से भी निकला आगे
Courtesy: Instagram

मुंबई: अभय देओल हिंदी सिनेमा के मशहूर देओल परिवार से ताल्लुक रखते हैं. उनका जन्म 15 मार्च को हुआ था और वे दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र के भतीजे हैं. फिल्मी माहौल में पले बढ़े होने के बावजूद अभय का स्वभाव हमेशा थोड़ा अलग रहा है. उन्हें शोहरत और लाइमलाइट से ज्यादा लगाव नहीं रहा. आज एक्टर अपना जन्मदिन मना रहे हैं. एक्टर के जन्मदिन पर आइए उनके कुछ अनसुने किस्सों के बारे में जानते हैं. 

स्कूल के दिनों से ही उन्होंने थिएटर में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था. अभिनय के अलावा उन्हें चित्रकला, दर्शन और पत्रकारिता में भी दिलचस्पी थी. लेकिन आखिरकार उन्होंने अभिनय को ही अपना करियर चुना. बता दें कि उनके पिता भी फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाना चाहते थे. लेकिन उन्हें अपने छोटे भाई धर्मेंद्र जैसी सफलता नहीं मिल पाई.

सोचा न था से शुरू हुआ फिल्मी सफर

अभय देओल ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत इम्तियाज अली की फिल्म सोचा न था से की थी. इस फिल्म में उनकी सादगी और अलग अंदाज को दर्शकों ने काफी पसंद किया. इसके बाद वे 'ओए लक्की लक्की ओए' जैसी फिल्मों में भी नजर आए. इन फिल्मों ने उन्हें एक अलग तरह के अभिनेता के रूप में पहचान दिलाई.

लेकिन असली पहचान उन्हें अनुराग कश्यप की फिल्म देव डी से मिली. इस फिल्म में अभय ने एक जटिल और टूटे हुए इंसान का किरदार निभाया था. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की और दर्शकों के बीच भी काफी चर्चा में रही.

देव डी के किरदार का पड़ा गहरा असर

देव डी की सफलता ने अभय देओल को नई पहचान दी. लेकिन इस फिल्म का असर उनकी निजी जिंदगी पर भी पड़ा. एक्टर ने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि वे इस किरदार में इतने डूब गए थे कि फिल्म खत्म होने के बाद भी उससे बाहर नहीं निकल पाए. उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ समय तक वे असल जिंदगी में भी देव की तरह जीने लगे थे. इस दौरान वे अक्सर शराब के नशे में रहते थे और अपनी दुनिया में खोए रहते थे. उन्होंने बताया कि लगभग एक साल तक वे अलग अलग जगहों पर घूमते रहे और शराब पीते रहे. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उस दौर की कई बातें उन्हें ठीक से याद नहीं हैं.

अभिनय के साथ साथ बिजनेस में भी सफलता

बहुत कम लोग जानते हैं कि अभय देओल सिर्फ अभिनेता ही नहीं बल्कि एक सफल बिजनेसमैन भी हैं. उन्होंने अपने करियर के शुरुआती वर्षों में ही फॉरबिडन फिल्म्स नाम से एक प्रोडक्शन कंपनी शुरू की थी. इसके अलावा उन्होंने रियल एस्टेट, रेस्टोरेंट और कई ब्रांड में निवेश भी किया.

इन्हीं निवेशों की वजह से उनकी संपत्ति में लगातार बढ़ोतरी हुई. हाल की रिपोर्ट्स के मुताबिक अभय देओल की कुल संपत्ति करीब 400 करोड़ रुपये मानी जाती है. वहीं सनी देओल की नेटवर्थ लगभग 130 करोड़ और बॉबी देओल की करीब 60 करोड़ बताई जाती है.