आहना एस कुमरा एक ऐसा नाम है जो बहुत कम लोग जानते हैं. एक्ट्रेस को हिंदी सिनेमा में 10 साल पूरे हो गए हैं. एक्ट्रेस ने अपना करियर ही अमिताभ बच्चन के साथ शुरू किया था. इसके बाद एक्ट्रेस ने लिपस्टिक अंडर माई बुर्का, द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर, इंडिया लॉकडाउन और सलाम वेंकी जैसी फिल्मों में काम किया है. इतनी बेहतरीन फिल्मों में काम करने के बाद भी आज एक्ट्रेस के पास काम की कमी है.
एक्ट्रेस ने अपने पहले की काम की तुलना करते हुए कहा कि इतनी बेहतरीन फिल्मों में काम करने के बावजूद इनको आज काम मिलना मुश्किल हो रहा है. एक्ट्रेस ने बताया, 'नेटवर्किंग ही एकमात्र ऐसी चीजें हैं जिनसे आज सबको काम मिल रहा है. बहुत सारे अभिनेता इस भ्रम में हैं कि इससे कैसे निपटें क्योंकि हमें सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव रहने और पीआर एजेंसियों को रखने के लिए दबाव बनाया जा रहा है.'
अभिनेत्री ने आगे बताया कि कैसे सोशल मीडिया अभिनेताओं के लिए वरदान से ज्यादा अभिशाप साबित हो रहा है. आहना बोलीं- 'जब मैंने शुरुआत की थी, उस वक्त सोशल मीडिया पर एक खास तरह का दिखने और रील और डांस वीडियो करते रहने का कोई दबाव नहीं था. लेकिन आजकल बहुत सारे लोगों को उनके सोशल मीडिया फॉलोअर्स के आधार पर कास्ट किया जा रहा है. आज के समय में काम पाना बहुत मुश्किल और बेहद दर्दनाक है.
इतना ही नहीं आप जिस फिल्म निर्माताओं के साथ काम करना चाहते हैं वो भी सोशल मीडिया की ओर रुख कर रहे हैं. इसलिए अक्सर एक्टर्स सोच में पड़ जाते हैं कि, 'क्या मुझे एक प्रभावशाली व्यक्ति बनना चाहिए और काम पाने के लिए सोशल मीडिया पर नाचना शुरू कर देना चाहिए? क्या मुझे बड़बड़ाना शुरू कर देना चाहिए, नकल करनी चाहिए या दिल्ली की आंटी की तरह बनना चाहिए?' क्या आपको इस तरह से काम मिलेगा? क्योंकि मुझे नहीं लगता कि ये लोग इससे ज्यादा कुछ कर पाएंगे.