शुरुआती कारोबार में बढ़त के बाद मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में बिकवाली हावी हो गई. Sensex 329.91 अंक गिरकर 74,529.08 पर और Nifty 85.30 अंक टूटकर 23,329 पर बंद हुआ. IT और वित्तीय शेयरों में दबाव के साथ कच्चे तेल और वैश्विक घटनाक्रम भी निवेशकों के रडार पर रहे.
मंगलवार को बाजार ने सकारात्मक शुरुआत की थी, लेकिन ऊपरी स्तरों पर बिकवाली बढ़ने से दोनों प्रमुख इंडेक्स लाल निशान में चले गए. Sensex में 329.91 अंक यानी 0.44 फीसदी की गिरावट रही. Nifty 50 भी 85.30 अंक यानी 0.36 फीसदी टूटकर 23,329 पर आ गया. इसके साथ लगातार चार सत्रों की तेजी का सिलसिला थम गया.
गिरावट का असर बाजार की कुल वैल्यू पर भी पड़ा. BSE में सूचीबद्ध कंपनियों का संयुक्त बाजार पूंजीकरण पिछले सत्र के करीब 4,81,58,150.70 करोड़ रुपये से घटकर 4,80,43,172.07 करोड़ रुपये रह गया. यानी करीब 1,14,978.63 करोड़ रुपये की मार्केट कैप कम हुई. IT, वित्तीय और कुछ बड़े कंज्यूमर शेयरों में बिकवाली ने बाजार पर दबाव बढ़ाया.
सेक्टरों में IT इंडेक्स करीब 0.9 फीसदी नीचे रहा. TCS, Infosys और HCL Technologies जैसे बड़े IT शेयरों में भी गिरावट दर्ज हुई. Bajaj Finserv, Bajaj Finance और Trent भी कमजोर रहे. दूसरी तरफ Eternal में 1.94 फीसदी और IndiGo में 1.58 फीसदी की तेजी रही. Titan और Tata Steel भी बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे.
बाजार की चाल पर कच्चे तेल की कीमतों, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और पश्चिम एशिया के घटनाक्रम का असर बना हुआ है. मंगलवार को अमेरिकी-ईरान तनाव और संभावित बातचीत से जुड़े संकेत भी निवेशकों के लिए अहम रहे. इसके अलावा Nifty की साप्ताहिक डेरिवेटिव एक्सपायरी ने कारोबार में उतार-चढ़ाव बढ़ाया. आगे बाजार की दिशा में क्रूड और भू-राजनीतिक घटनाक्रम महत्वपूर्ण रह सकते हैं.