menu-icon
India Daily

RBI की बैठक, क्रूड ऑयल और अमेरिका-ईरान टेंशन, इस हफ्ते कौन से मुद्दे शेयर बाजार को करेंगे प्रभावित; क्या बोले एक्सपर्ट?

इस हफ्ते घरेलू और वैश्विक कारणों से भारतीय शेयर बाजार में काफी हलचल रहेगी. निवेशकों की नजरें मुख्य रूप से कच्चे तेल की कीमतों, अमेरिका-ईरान संबंधों, देश के जीडीपी आंकड़ों और आरबीआई के मॉनेटरी पॉलिसी संबंधी फैसलों पर टिकी रहेंगी.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
RBI की बैठक, क्रूड ऑयल और अमेरिका-ईरान टेंशन, इस हफ्ते कौन से मुद्दे शेयर बाजार को करेंगे प्रभावित; क्या बोले एक्सपर्ट?
Courtesy: ai generated

मुंबई: पैसा लगाने के लिए सही मौके की तलाश कर रहे निवेशकों के लिए यह हफ्ता बेहद हलचल भरा रहने वाला है. बाजार के कई बड़े ट्रिगर इस बार निवेशकों की धड़कनें बढ़ाने के लिए तैयार बैठे हैं. भारतीय शेयर बाजार की चाल इस हफ्ते कई बड़े घरेलू और वैश्विक बदलावों पर निर्भर करेगी. इस सप्ताह निवेशकों की नजरें कच्चे तेल की कीमतों, अमेरिका और ईरान के रिश्तों में हो रहे घटनाक्रमों, भारतीय रिजर्व बैंक की मॉनेटरी पॉलिसी के फैसले और कुछ बेहद अहम इकोनॉमिक डेटा पर टिकी रहेंगी.

ये फेक्टर बाजार को करेंगे प्रभावित 

बाजार के जानकारों का मानना है कि कच्चे तेल के दामों में उतार-चढ़ाव और अमेरिका-ईरान के बीच के जियो-पॉलिटिकल हालात निवेशकों के मूड को काफी हद तक प्रभावित कर सकते हैं. ये ऐसे फेक्टर्स हैं जो देश में महंगाई की स्थिति भारतीय रुपये की मजबूती और विदेशी निवेश के फ्लो को तय करने में बड़ा रोल अदा करते हैं.

विश्लेषकों के अनुसार इस हफ्ते जारी होने वाले प्रमुख इकोनॉमिक इंडिकेटर्स पर भी पैनी नजर रखनी होगी. सोमवार को मई महीने का अंतिम 'एचएसबीसी मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई' डेटा सामने आएगा जबकि बुधवार को सर्विसेज और कंपोजिट पीएमआई के आंकड़े जारी किए जाएंगे. इन रिपोर्टों से देश की व्यापारिक गतिविधियों, कंज्यूमर डिमांड और अर्थव्यवस्था की असली ताकत का अंदाजा लगेगा.

मार्केट के लिए अहम होगी RBI की MPC की बैठक

इस हफ्ते की सबसे बड़ी और अहम घटना शुक्रवार को होने वाली आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक का नतीजा होगी. हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि केंद्रीय बैंक ब्याज दरों, महंगाई को काबू में रखने और बाजार में नकदी के फ्लो को लेकर क्या रुख अपनाता है. RBI की तरफ से मिलने वाला कोई भी बड़ा संकेत बाजार की दिशा बदल सकता है.

इसके अलावा भारत के जीडीपी (GDP) विकास दर के आंकड़े और विदेशी मुद्रा भंडार के डेटा पर भी नजर रहेगी. पिछले हफ्ते की बात करें तो बाजार में गिरावट देखी गई थी जहां बीएसई सेंसेक्स 639 अंक और एनएसई निफ्टी 171 अंक से ज्यादा टूट गया था. ब्रोकरेज फर्मों का कहना है कि 1 जून को आने वाले ऑटोमोबाइल बिक्री के आंकड़े भी ऑटो सेक्टर के शेयरों में हलचल पैदा करेंगे. कुल मिलाकर आरबीआई का फैसला, जीडीपी डेटा, पीएमआई रिपोर्ट और ग्लोबल इवेंट्स मिलकर इस हफ्ते शेयर बाजार का भविष्य तय करेंगे.

नोट- यह लेख केवल जानकारी के उद्देश्य से है निवेश की सलाह नहीं. शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है. निवेश से पहले अपनी रिसर्च करें और वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.