'30 साल तक दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा भारत', बोले पीयूष गोयल
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत अब फिर से विकास की पटरी पर लौट आया है. उन्होंने बताया कि कुछ महीनों की सुस्ती के बाद अब देश की अर्थव्यवस्था फिर से तेजी से आगे बढ़ रही है.
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में आयोजित सीआईआई वार्षिक व्यापार सम्मेलन में भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर एक बड़ा बयान दिया. उन्होंने विश्वास के साथ कहा कि आने वाले 30 वर्षों तक भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा.
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत अब फिर से विकास की पटरी पर लौट आया है. उन्होंने बताया कि कुछ महीनों की सुस्ती के बाद अब देश की अर्थव्यवस्था फिर से तेजी से आगे बढ़ रही है. यही वजह है कि भारत यूके, यूरोपीय संघ, चिली और अमेरिका जैसे देशों के साथ व्यापार समझौते कर रहा है.
उन्होंने बताया कि EFTA देशों ने भारत में 100 अरब डॉलर के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) का वादा किया है. इस निवेश से भारत के औद्योगिक और आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी.
वैश्विक चुनौतियों के बीच भी भारत मजबूत
ग्लोबल अस्थिरता के बावजूद भारत ने अर्थव्यवस्था को संतुलन में बनाए रखा है. गोयल ने कहा कि भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने बाजार में तरलता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है.
स्टॉक मार्केट की बात करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत के शेयर बाजार ने दुनिया भर में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है. उन्होंने बताया कि भारत के प्रमुख 100-200 कंपनियों ने करीब 20% सालाना औसत रिटर्न (CAGR) दिया है, जो विश्व में सबसे बेहतरीन है.
पीएम मोदी की तीन रणनीतियां
पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन अहम रास्ते अपनाए:
- मुद्रास्फीति पर नियंत्रण के लिए आरबीआई को सक्रिय किया गया
- बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर निवेश
- खपत और उपभोग को बढ़ावा देने के लिए नीतियां लागू की गईं
2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत
आईएमएफ (IMF) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए गोयल ने कहा कि 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा. यह उपलब्धि ऐसे समय में हासिल होगी जब वैश्विक स्तर पर अनिश्चितताएं बनी हुई हैं.
ऑपरेशन सिंदूर पर भी बोले गोयल
सम्मेलन के दौरान पीयूष गोयल ने "ऑपरेशन सिंदूर" का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा, "इस अभियान ने दुनिया को यह दिखा दिया कि भारत अपनी राष्ट्रीय अखंडता और संप्रभुता के लिए कभी पीछे नहीं हटेगा." उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान दर्शाता है कि 140 करोड़ भारतीयों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा के लिए भारत हर संभव कदम उठाएगा.
और पढ़ें
- 'तेरी बीवी तो बहुत खूबसूरत है और तू...'पड़ोसियों के तानों से परेशान होकर छत पर चढ़ा युवक, देने लगा आत्महत्या की धमकी, देखें वीडियो
- बेंगलुरु जीतेगी IPL 2025 का खिताब और विराट कोहली होंगे मैन ऑफ मैच! स्टार खिलाड़ी ने की बड़ी भविष्यवाणी
- SEBI ने F&O के लिए जारी किए नए नियम, आपके ट्रेडिंग पर कैसे पड़ेगा प्रभाव