Petrol-Diesel Price Today: अगस्त महीने के पहले दिन सरकारी तेल कंपनियों ने देशभर के लिए पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें जारी कर दी हैं. वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार चढ़ाव जारी है, लेकिन इसका सीधा असर फिलहाल घरेलू ईंधन कीमतों पर नहीं दिखा है. राष्ट्रीय स्तर पर कीमतें पहले जैसी बनी हुई हैं, जबकि कुछ शहरों में स्थानीय कारणों से मामूली बदलाव दर्ज किए गए हैं. अगर आप आज अपनी गाड़ी की टंकी फुल कराने की योजना बना रहे हैं, तो पहले अपने शहर के ताजा रेट जरूर देख लें. कुछ शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े हैं, वहीं कुछ जगहों पर हल्की राहत भी मिली है. ऐसे में ईंधन भरवाने से पहले नई दरों की जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित हो सकती है.
दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है. मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है. कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर है. चेन्नई में पेट्रोल 9 पैसे बढ़कर 107.87 रुपये और डीजल भी 9 पैसे की बढ़त के साथ 99.65 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है.
गुरुग्राम में पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में 22 22 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वहीं नोएडा में पेट्रोल 7 पैसे सस्ता होकर 101.89 रुपये और डीजल 95.37 रुपये प्रति लीटर पर आ गया है. लखनऊ में भी वाहन चालकों को राहत मिली है. यहां पेट्रोल 82 पैसे और डीजल 74 पैसे प्रति लीटर सस्ता हुआ है. दूसरी ओर पटना में पेट्रोल 1.30 रुपये और डीजल 1.25 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है.
बेंगलुरु में आज पेट्रोल की कीमत 75 पैसे बढ़कर 111.68 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं डीजल भी 76 पैसे महंगा होकर 99.56 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है. इससे साफ है कि अलग अलग राज्यों में स्थानीय कर और वैट के प्रभाव के कारण ईंधन की कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है.
देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आखिरी बड़ा बदलाव 25 मई 2026 को किया गया था. इससे पहले मई महीने में चार अलग अलग अवसरों पर ईंधन के दाम बढ़ाए गए थे. 15, 19, 23 और 25 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमिक बढ़ोतरी हुई थी. इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कई उतार चढ़ाव आए, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर कीमतों में कोई बड़ा संशोधन नहीं किया गया.
देश के सभी शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें एक जैसी नहीं होतीं. इसकी सबसे बड़ी वजह राज्यों द्वारा लगाया जाने वाला वैट और स्थानीय कर हैं. यही कारण है कि दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, नोएडा और लखनऊ जैसे शहरों में एक ही दिन अलग अलग कीमतें दिखाई देती हैं. तेल कंपनियां रोजाना नई दरें जारी करती हैं, इसलिए वाहन मालिक ईंधन भरवाने से पहले अपने शहर का ताजा रेट जरूर जांच लें.