menu-icon
India Daily

LIC Bima Sakhi Yojana: महिलाओं को हर महीने 7000 रुपये तक की मदद, जानिए कौन उठा सकता है पूरा फायदा?

एलआईसी की बीमा सखी योजना महिलाओं को प्रशिक्षण, पहले वर्ष में 7,000 रुपये तक मासिक स्टाइपेंड और बीमा एजेंट के रूप में करियर बनाने का अवसर देती है. योजना के लिए 10वीं पास महिलाएं आवेदन कर सकती हैं.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
LIC Bima Sakhi Yojana: महिलाओं को हर महीने 7000 रुपये तक की मदद, जानिए कौन उठा सकता है पूरा फायदा?
Courtesy: social media

नई दिल्ली: महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई एलआईसी बीमा सखी योजना रोजगार और प्रशिक्षण का बेहतरीन अवसर प्रदान करती है. इस योजना के तहत चयनित महिलाओं को प्रशिक्षण के दौरान मासिक स्टाइपेंड के साथ बीमा क्षेत्र में स्थायी करियर बनाने का मौका मिलता है.

क्या है एलआईसी बीमा सखी योजना?

एलआईसी बीमा सखी योजना की शुरुआत 9 दिसंबर 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के पानीपत से की थी. यह तीन वर्ष का प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य खासतौर पर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को बीमा सेवाओं से जोड़ना और उन्हें रोजगार उपलब्ध कराना है. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद महिलाओं को एलआईसी के अधिकृत बीमा एजेंट के रूप में काम करने का अवसर मिलता है. इसके जरिए बीमा जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को भी मजबूत करने की कोशिश की गई है.

स्टाइपेंड और अन्य लाभ

योजना के तहत पहले वर्ष में महिलाओं को 7,000 रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड दिया जाता है. दूसरे वर्ष में यह राशि 6,000 रुपये और तीसरे वर्ष में 5,000 रुपये प्रतिमाह मिलती है, बशर्ते निर्धारित प्रदर्शन मानकों को पूरा किया जाए. इसके अलावा बीमा पॉलिसी बेचने पर कमीशन भी मिलता है. प्रशिक्षण के दौरान वित्तीय साक्षरता, ग्राहक सेवा और बीमा उत्पादों की जानकारी दी जाती है, जिससे महिलाएं लंबे समय तक इस क्षेत्र में अपना करियर बना सकें.

कौन कर सकता है आवेदन?

इस योजना के लिए भारतीय नागरिक महिला होना अनिवार्य है. आवेदक की आयु 18 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए और वह किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 10वीं पास हो. ग्रामीण क्षेत्रों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्राथमिकता दी जाती है. हालांकि मौजूदा एलआईसी एजेंट, सेवानिवृत्त एजेंट, एलआईसी कर्मचारी और एलआईसी के नियमों के अनुसार उनके निकट संबंधी इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं.

आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज

इच्छुक महिलाएं एलआईसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं. आवेदन के दौरान आधार कार्ड, पैन कार्ड, 10वीं की अंकसूची, पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक खाते का विवरण और आवश्यक होने पर पता प्रमाण देना होगा. पंजीकरण और आईआरडीएआई परीक्षा शुल्क मिलाकर कुल 650 रुपये जमा करने होते हैं. दस्तावेजों के सत्यापन और प्रशिक्षण के बाद सफल उम्मीदवारों को एजेंट कोड जारी किया जाता है. फिलहाल आवेदन की अंतिम तिथि घोषित नहीं की गई है.