menu-icon
India Daily

इजरायल में भी रॉयल एनफील्ड का जलवा, पीएम मोदी और नेतन्याहू ने किया 'गोअन क्लासिक 350' का दीदार; जानें क्या है खास?

येरुशलम में आयोजित एक भव्य टेक एग्जीबिशन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने रॉयल एनफील्ड की 'गोअन क्लासिक 350' के साथ फोटो खिंचवाकर सुर्खियां बटोरीं. लेख में बाइक की तकनीकी बारीकियों और कंपनी के आगामी इलेक्ट्रिक मॉडल 'फ्लाइंग फ्ली' की चर्चा की गई है.

KanhaiyaaZee
इजरायल में भी रॉयल एनफील्ड का जलवा, पीएम मोदी और नेतन्याहू ने किया 'गोअन क्लासिक 350' का दीदार; जानें क्या है खास?
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: वैश्विक मंच पर भारतीय ब्रांड की धमक चेन्नई स्थित दिग्गज मोटरसाइकिल निर्माता रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) ने वैश्विक बाजार में अपनी पहचान को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है. यूरोप, उत्तरी अमेरिका और दक्षिण एशिया के बाजारों में अपनी बादशाहत कायम करने के बाद, अब कंपनी की नजर मध्य एशिया और मिडिल ईस्ट के उभरते बाजारों पर है. इसी रणनीतिक विस्तार की एक झलक इजरायल के येरुशलम में देखने को मिली, जहाँ एक हाई-टेक प्रदर्शनी में कंपनी ने अपनी नई पेशकश 'गोअन क्लासिक 350' को प्रदर्शित किया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय इजरायल दौरे के दौरान द्विपक्षीय व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है. इस दौरे के बीच, येरुशलम में आयोजित टेक एग्जीबिशन में एक दिलचस्प नजारा दिखा जब पीएम मोदी और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गोअन क्लासिक 350 को न केवल करीब से देखा, बल्कि उसके साथ फोटो भी खिंचवाई. यह क्षण न केवल कंपनी के लिए गौरवपूर्ण था, बल्कि भारत और इजरायल की साझा तकनीकी दृष्टि को भी रेखांकित करता है.

गोअन क्लासिक 350: स्टाइल और पावर का गठजोड़ 

गोअन क्लासिक 350 मूल रूप से क्लासिक 350 का एक 'बॉबर-स्टाइल' लाइफस्टाइल वर्जन है. इसके डिजाइन में पुराने दौर के आकर्षण और आधुनिक इंजीनियरिंग का बेहतरीन तालमेल है. बाइक में टियरड्रॉप शेप का फ्यूल टैंक, कर्व्ड फेंडर और फ्लोटिंग सीट के साथ 'एप-हैंगर' हैंडलबार दिए गए हैं, जो इसे एक अलग ही लुक देते हैं.

तकनीकी मोर्चे पर, इसमें 349 cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन लगा है, जो 20.2 bhp की पावर और 27 Nm का पीक टॉर्क पैदा करता है. सुरक्षा के लिए इसमें डुअल-चैनल ABS के साथ फ्रंट और रियर डिस्क ब्रेक दिए गए हैं. साथ ही, एलईडी लाइट और ट्रिपर नेविगेशन जैसे आधुनिक फीचर्स इसे प्रीमियम बनाते हैं.

इलेक्ट्रिक अवतार 'फ्लाइंग फ्ली' का बेसब्री से इंतजार 

रॉयल एनफील्ड अब भविष्य की ओर कदम बढ़ाते हुए अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल 'फ्लाइंग फ्ली (FF C6)' को लॉन्च करने की तैयारी में है. हाल ही में इस बाइक को चेन्नई की सड़कों पर बिना किसी कवर के टेस्टिंग करते हुए देखा गया है. इससे यह साफ संकेत मिलता है कि ब्रांड की पहली EV अब उत्पादन के बेहद करीब है और जल्द ही सड़कों पर दौड़ती नजर आएगी. फिलहाल रॉयल एनफील्ड दुनिया के 80 से अधिक देशों में अपनी सेवाएं दे रही है.