भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का बाजार तेजी से बढ़ रहा है और अधिकतर लोग पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से बचने के लिए ईवी खरीदना पसंद कर रहे हैं. अगर आप भी इनमें से एक हैं और गाड़ी खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो यह समय आपके लिए सबसे शानदार हो सकता है. इस महीने देश की दिग्गज कार निर्माता कंपनियों ने अपनी कई लोकप्रिय इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर लाखों रुपये के डिस्काउंट ऑफर चलाए हैं, जिससे आप भारी बचत कर सकते हैं.
देश की सबसे भरोसेमंद इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टाटा मोटर्स इस महीने अपने ग्राहकों को बड़ा तोहफा दे रही है. कंपनी ने अपनी तीन मशहूर इलेक्ट्रिक कारों- टियागो ईवी, नेक्सन ईवी और कर्व ईवी के दामों में भारी कटौती की है. सबसे ज्यादा छू एसयूवी कर्व ईवी पर है, जिसे खरीदने पर आपको 3.8 लाख रुपये तक की छूट का लाभ मिल सकता है. वहीं टियागो ईवी पर 2.1 लाख रुपये और नेक्सन ईवी पर 1.2 लाख रुपये तक के ऑफर चल रहे हैं.
महिंद्रा एंड महिंद्रा भी इस डिस्काउंट की रेस में पीछे नहीं है. कंपनी अपनी दमदार इलेक्ट्रिक एसयूवी XUV400 पर इस समय जो ऑफर दे रही है, वह किसी धमाकेदार डील से कम नहीं है. अगर आप यह गाड़ी लेना चाहते हैं, तो इस महीने आप 4 लाख रुपये तक के डिस्काउंट के हकदार बन सकते हैं. इसके अलावा कंपनी ने अपने नए लॉन्च किए गए मॉडल BE 6 और XEV 9e पर भी 2.95 लाख रुपये तक के ऑफर पेश किए हैं, जिससे ये और भी आकर्षक हो गई हैं.
लग्जरी इलेक्ट्रिक कार के शौकीनों के लिए हुंडई ने सबसे बड़ा तोहफा तैयार किया है. कंपनी अपनी प्रीमियम Hyundai Ioniq 5 पर जबरदस्त छूट दे रही है. अगर आप 2024 के स्टॉक को चुनते हैं, तो आपको इस शानदार गाड़ी पर 10 लाख रुपये तक के डिस्काउंट का फायदा मिल सकता है, जो कि किसी बड़े सौदे की तरह है. वहीं अगर कोई ग्राहक 2025 के नए मॉडल को तरजीह देता है, तो उस पर भी 2 लाख रुपये तक के ऑफर दिए जा रहे हैं, जो इसे और सुलभ बनाते हैं.
कार कंपनियां अक्सर महीने या साल के अंत में पुराने स्टॉक को साफ करने और बिक्री के लक्ष्य पूरे करने के लिए ऐसे बड़े डिस्काउंट पेश करती हैं. यह समय उन लोगों के लिए सुनहरा अवसर है जो इलेक्ट्रिक गाड़ी तो चाहते हैं, लेकिन कीमत की वजह से झिझक रहे थे. इन ऑफर्स की बदौलत आप न सिर्फ पर्यावरण को बचाने में अपना योगदान दे सकते हैं, बल्कि अपनी जेब पर भी अतिरिक्त बोझ डाले बिना एक दमदार ईवी के मालिक बन सकते हैं.