नई दिल्ली: टाटा मोटर्स की नई सिएरा लॉन्च होते ही सुर्खियों में छा गई थी, और अब सुरक्षा के मामले में भी इसने बाजी मार ली है. भारत NCAP के क्रैश टेस्ट में इस मिडसाइज SUV को पूरे 5-स्टार रेटिंग मिली है. यह रेटिंग एडल्ट और चाइल्ड दोनों की सुरक्षा में मिली है. टाटा की कारें पहले से ही सेफ्टी के लिए जानी जाती हैं, लेकिन सिएरा ने एक नया बेंचमार्क सेट कर दिया. चाहे शहर की सड़कें हों या हाईवे, अब परिवार के साथ सफर और भी भरोसेमंद हो गया है.
एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में सिएरा ने 32 में से 31.14 पॉइंट्स बटोरे. फ्रंटल क्रैश में ड्राइवर और पैसेंजर के सिर, गर्दन, पैरों को 'गुड' प्रोटेक्शन मिला, जबकि छाती के लिए 'एडिक्वेट' रेटिंग आई. साइड इंपैक्ट टेस्ट में सिर, पेट और छाती को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया. बॉडी शेल स्टेबल रही, जिससे बड़े एक्सीडेंट में भी ज्यादा सुरक्षा मिलती है. यह स्कोर दिखाता है कि टाटा ने स्ट्रक्चर पर कितना फोकस किया है.
चाइल्ड सेफ्टी में 49 में से 44.73 पॉइंट्स के साथ 5-स्टार मिला. 18 महीने और 3 साल के बच्चों की डमी को रियरवर्ड-फेसिंग में टेस्ट किया गया. 3 साल वाले बच्चे को परफेक्ट स्कोर मिला, जबकि छोटे बच्चे का भी स्कोर बहुत ऊंचा रहा. ISOFIX एंकरेज और CRS इंस्टॉलेशन में भी फुल मार्क्स. परिवार वाले पैरेंट्स के लिए यह सबसे बड़ा प्लस पॉइंट है.
सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स, चारों डिस्क ब्रेक, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड हैं. टॉप मॉडल्स में 360-डिग्री कैमरा, लेवल-2 ADAS, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग और ऑटो-डिमिंग IRVM मिलते हैं. ये फीचर्स एक्सीडेंट रोकने और बचाव में मदद करते हैं. ट्रिपल स्क्रीन सेटअप भी सेगमेंट में पहली बार देखने को मिला है.
सिएरा की एक्स-शोरूम कीमत 11.49 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप वेरिएंट तक 21.29 लाख तक जाती है. यह हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, मारुति ग्रैंड विटारा, टोयोटा हाइराइडर और होंडा एलिवेट जैसी कारों से टक्कर ले रही है. सुरक्षा और फीचर्स के मामले में सिएरा आगे निकल आई है. कंपनी जल्द ही इसका इलेक्ट्रिक वर्जन Sierra.ev लॉन्च करने वाली है.