menu-icon
India Daily

Chhath Puja 2026: आज से शुरू हुआ छठ महापर्व, जानें नहाय-खाय का महत्व, शुभ मुहूर्त और पूजन मंत्र

Chhath Puja 2026: लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा आज यानी 13 नवंबर 2026 से शुरू हो गया है. चार दिनों तक चलने वाला यह पवित्र त्योहार 16 नवंबर तक मनाया जाएगा.

Shilpa Shrivastava
Chhath Puja 2026: आज से शुरू हुआ छठ महापर्व, जानें नहाय-खाय का महत्व, शुभ मुहूर्त और पूजन मंत्र
Courtesy: India Daily 24x7

Chhath Puja 2026: लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा आज यानी 13 नवंबर 2026 से शुरू हो गया है. चार दिनों तक चलने वाला यह पवित्र त्योहार 16 नवंबर तक मनाया जाएगा. इस दौरान भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा की जाती है. मान्यता है कि छठ व्रत करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और संतान की खुशहाली का आशीर्वाद मिलता है.

छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है. इसके बाद खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है. इस दौरान व्रती महिलाएं परिवार की सुख-शांति और खुशहाली के लिए करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास रखती हैं.

नहाय-खाय 2026 का महत्व:

छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाती है. इस दिन व्रती सुबह स्नान करके घर की साफ-सफाई करती हैं. इसके बाद शुद्ध और सात्विक भोजन तैयार किया जाता है. आमतौर पर इस दिन चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी बनाई जाती है. इसी भोजन को ग्रहण करने के बाद छठ व्रत की शुरुआत होती है.

नहाय-खाय 2026 का शुभ मुहूर्त:

हिंदू पंचांग के अनुसार, नहाय-खाय कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है. नई दिल्ली में 13 नवंबर को सूर्योदय सुबह 6 बजकर 42 मिनट और सूर्यास्त शाम 5 बजकर 28 मिनट पर होने की संभावना है.

चतुर्थी तिथि 12 नवंबर की शाम 6:09 बजे शुरू होकर 13 नवंबर की रात 8:42 बजे समाप्त होगी. अलग-अलग शहरों में सूर्योदय और सूर्यास्त के समय में अंतर हो सकता है.

नहाय-खाय पर क्यों बनाया जाता है कद्दू-भात?

छठ पूजा के पहले दिन कद्दू-भात और चने की दाल खाने की खास परंपरा है. यह भोजन बिना प्याज और लहसुन के शुद्ध तरीके से तैयार किया जाता है. कद्दू में पानी की मात्रा अधिक होती है, जबकि चावल और चने की दाल शरीर को ऊर्जा देते हैं. इसलिए इसे कठिन व्रत शुरू करने से पहले हल्का और पौष्टिक भोजन माना जाता है.

नहाय-खाय के पूजन मंत्र:

  • ॐ घृणिं सूर्याय नमः

  • ॐ ह्रीं ह्रीं सूर्याय सहस्रकिरणराय मनोवांछित फलम् देहि देहि स्वाहा

  • ग्रहाणामादिरादित्यो लोक लक्षण कारकः. विषम स्थान संभूतां पीड़ां दहतु मे रविः

  • ॐ ऐहि सूर्य सहस्रांशो तेजो राशे जगत्पते, अनुकंपयेमां भक्त्या, गृहाणार्घ्य दिवाकरः