नई दिल्ली: वैशाख पूर्णिमा का दिन धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद खास होता है. इस साल बुद्ध पूर्णिमा 1 मई 2026 को मनाई जा रही है, जो बौद्ध और हिंदू दोनों धर्मों के अनुयायियों के लिए महत्वपूर्ण है. पूजा संपन्न करने के लिए जरुरी है कि आपको सही विधि और शुभ मुहूर्त के बारे में जानकारी हो. इस तिथि पर किए गए पुण्य कार्यों का फल कई गुना बढ़ जाता है. भक्त सुबह जल्दी स्नान-दान कर भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और महात्मा बुद्ध की पूजा करते हैं. चंद्रमा को अर्घ्य देने और पीपल को जल चढ़ाने से मन की अशांति दूर होती है.
द्रिक पंचांग के अनुसार वैशाख पूर्णिमा की तिथि 30 अप्रैल रात 9:12 से शुरू हो चुकी है और आज 1 मई रात 10:52 बजे तक रहेगी. स्नान और दान के लिए सुबह का समय खासतौर पर शुभ माना गया. सुबह 4:15 से 4:58 तक का मुहूर्त स्नान-दान के लिए सबसे अच्छा रहा. शाम करीब 6:52 बजे चंद्रमा के दर्शन होंगे, जिस समय अर्घ्य देना अत्यंत फलदायी होता है.
इस दिन महात्मा बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण तीनों घटनाएं जुड़ी होने के कारण यह तिथि बौद्ध अनुयायियों के लिए विशेष है. हिंदू धर्म में इसे वैशाख पूर्णिमा कहते हैं और मान्यता है कि इसी दिन भगवान विष्णु ने कच्छप अवतार लिया था. पूजा, दान और ध्यान से मन शांत रहता है तथा स्वास्थ्य और आर्थिक परेशानियां भी कम होती हैं.
सुबह उठकर संकल्प लेकर स्नान करें. स्नान के बाद सूर्य को अर्घ्य दें और साफ सफेद कपड़े पहनें. भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और भगवान बुद्ध की पूजा करें. जल, तिल, सफेद वस्त्र या फल का दान करें. पीपल के वृक्ष को जल अर्पित करना इस दिन विशेष शुभ माना जाता है. यदि संभव हो तो फलाहार रखकर दिन बिताएं.
इस पावन दिन भगवान शिव की पूजा करने से रोग और मानसिक तनाव दूर होते हैं. विष्णु-लक्ष्मी की आराधना आर्थिक स्थिति मजबूत करती है. जल और सफेद वस्तुओं का दान करने से चंद्रमा संबंधी दोष कम होते हैं. जरूरतमंदों को भोजन या कपड़े दान करना भी बड़ा पुण्य माना जाता है
बुद्ध पूर्णिमा पर इन मंत्रों का जाप विशेष फलदायी होता है:
'ऊं श्रां श्रीं श्रौं सः चन्द्रमसे नमः', 'ऊं सोम सोमाय नमः', 'ऊं ह्रीं श्रीं लक्ष्मीवासुदेवाय नमः' और 'ऊं नमः शिवाय'. इन मंत्रों से मन की शांति बढ़ती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.
Disclaimer: यहां दी गई सभी जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. theindiadaily.com इन जानकारियों की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह ले लें.