Happy Birthday Madhurima Tuli: आज 19 अगस्त को अभिनेत्री मधुरिमा तुली अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं. छोटे पर्दे और बॉलीवुड दोनों में अपनी जगह बनाने वाली मधुरिमा को दर्शक 'कुमकुम भाग्य', 'चंद्रकांता' और अक्षय कुमार की फिल्म 'बेबी' से अच्छी तरह जानते हैं. लेकिन उनके करियर की सबसे चर्चित घटना 'बिग बॉस 13' से जुड़ी है, जिसे लोग आज भी नहीं भूले.
मधुरिमा और अभिनेता विशाल आदित्य सिंह की लव स्टोरी 'चंद्रकांता' के सेट पर शुरू हुई थी. बाद में दोनों का ब्रेकअप हो गया. दोनों ने 'नच बलिये 9' में एक्स-कपल के रूप में हिस्सा लिया, जहां उनके बीच की तकरार साफ दिखने लगी. असली ड्रामा तब हुआ जब दोनों 'बिग बॉस 13' में वाइल्ड कार्ड एंट्री लेकर एक ही घर में पहुंचे.
घर के अंदर दोनों के बीच रोज झगड़े होते रहते थे. एक दिन किचन में बहस बढ़ गई. पानी फेंकने और उकसाने की बात इतनी बढ़ी कि मधुरिमा का गुस्सा चरम पर पहुंच गया. उन्होंने पास पड़ा लोहे का फ्राइंग पैन उठाया और विशाल पर कई वार कर दिए. नेशनल टीवी पर हुई इस घटना ने सबको हैरान कर दिया.
बिग बॉस के नियमों में हिंसा सबसे बड़ी गलती मानी जाती है. दोनों को जेल भेजा गया. वीकेंड के वार में सलमान खान बहुत नाराज हुए. उन्होंने मधुरिमा को कड़ी फटकार लगाई और तुरंत शो से बेघर कर दिया. शो से बाहर आने के बाद यह घटना सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई. कई मीम्स बने. बाद में दूसरे शोज और 'खतरों के खिलाड़ी' में भी इस फ्राइंग पैन वाली घटना का मजाक उड़ाया गया.
मधुरिमा ने एक वीडियो जारी कर मेकर्स से गुजारिश की कि इस एक पल को बार-बार दिखाकर उन्हें और उनके परिवार को परेशान न किया जाए. उन्होंने कहा कि हर इंसान से गलती होती है और उन्होंने उसकी सजा भुगत ली है. बाद में एक इंटरव्यू में विशाल आदित्य सिंह ने भी माना कि उनका रिश्ता बहुत टॉक्सिक हो चुका था. बिग बॉस के दबाव में चीजें बिगड़ गईं. अब दोनों आगे बढ़ चुके हैं.