menu-icon
India Daily

रक्षाबंधन पर 70 साल बाद बन रहा दुर्लभ संयोग, जानें राखी बांधने के 3 सबसे शुभ मुहूर्त

28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा. इस दिन सभी बहनें पूरे दिन भाइयों की कलाई पर राखी बांध सकती हैं, लेकिन तीन समय को राखी बांधने के लिए सबसे शुभ माना गया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
रक्षाबंधन पर 70 साल बाद बन रहा दुर्लभ संयोग, जानें राखी बांधने के 3 सबसे शुभ मुहूर्त
Courtesy: Pinterest

रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के वचन का पवित्र पर्व है. सावन पूर्णिमा के दिन मनाए जाने वाले इस त्योहार का बहनों को पूरे साल इंतजार रहता है. इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, वहीं भाई भी बहन की रक्षा का संकल्प लेते हैं. 

इस बार रक्षाबंधन का पर्व कई मायनों में खास रहने वाला है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार करीब 70 साल बाद ग्रह-नक्षत्रों की ऐसी स्थिति बन रही है, जिसे शुभ माना जा रहा है. इस दौरान बहनों का राखी बांधना भाईयों के लिए शुभ रहने वाला है.

28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन

ज्योतिषाचार्य के अनुसार इस साल देशभर में 28 अगस्त को रक्षाबंधन मनाया जाएगा. पिछले कुछ वर्षों में भद्रा के कारण राखी बांधने के शुभ समय को लेकर लोगों के बीच असमंजस की स्थिति रहती थी. कई बार भद्रा के चलते बहनों को राखी बांधने के लिए सीमित समय ही मिल पाता था. हालांकि इस बार स्थिति अलग है.

पंचांग के अनुसार 28 अगस्त को सूर्योदय से पहले ही भद्रा समाप्त हो जाएगी. ऐसे में पूरे दिन राखी बांधने के लिए अनुकूल समय उपलब्ध रहेगा. इस बार रक्षाबंधन पर कई ज्योतिषीय संयोग भी बन रहे हैं. 28 अगस्त को शतभिषा नक्षत्र रहेगा और अतिगंड योग का भी संयोग बनेगा. इसके अलावा चंद्रमा शनि की राशि कुंभ में संचरण करेगा. ज्योतिष की मान्यताओं के अनुसार इन ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति रक्षाबंधन के पर्व को विशेष बना रही है. इसी वजह से इस बार का रक्षाबंधन लंबे समय बाद एक खास संयोग लेकर आया है.

राखी बांधने के 3 सबसे शुभ मुहूर्त

28 अगस्त को पूरे दिन राखी बांधी जा सकती है, लेकिन ज्योतिषाचार्यों ने तीन समय को विशेष शुभ बताया है. पहला शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 36 मिनट से 9 बजकर 45 मिनट तक का बताया गया है. इसके बाद दूसरा शुभ मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 03 मिनट से 12 बजकर 53 मिनट तक का है. वहीं तीसरा शुभ मुहूर्त शाम 7 बजकर 43 मिनट से रात 9 बजकर 30 मिनट तक का है.

मान्यता है कि शुभ मुहूर्त में रक्षासूत्र बांधने से भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम और विश्वास मजबूत होता है और भाई को तरक्की मिलतीहै. 28 अगस्त को सुबह 10 बजकर 54 मिनट से दोपहर 12 बजकर 02 मिनट तक राहुकाल रहेगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार राहुकाल में शुभ कार्य करने से बचना चाहिए.