कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का दूसरा और अंतिम चरण आज 29 अप्रैल को शुरू हो रहा है. इस चरण में 142 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा. पूरे राज्य की नजर भवानीपुर सीट पर टिकी हुई है, जहां तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी और बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी के बीच मुकाबला है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. चुनाव आयोग ने बड़े पैमाने पर केंद्रीय बलों की तैनाती की है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो.
आज सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 142 सीटों पर मतदान होगा. इस चरण में कुल 1448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 220 महिला उम्मीदवार शामिल हैं. मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है. पहले चरण की तुलना में इस चरण को ज्यादा संवेदनशील माना जा रहा है. सुरक्षा के मद्देनजर 2400 से अधिक CAPF कंपनियां और 100 से ज्यादा बख्तरबंद गाड़ियां तैनात की गई हैं.
भवानीपुर सीट इस चरण की सबसे चर्चित सीट है. यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी सीट बचाने के लिए मैदान में हैं, वहीं 2021 में नंदीग्राम से उन्हें हराने वाले शुभेंदु अधिकारी भी जोर-आजमाइश कर रहे हैं. दोनों नेताओं की साख इस सीट पर दांव पर लगी हुई है. टीएमसी का यहां पारंपरिक दबदबा माना जाता है, लेकिन बीजेपी भी पूरी ताकत झोंक रही है.
सूत्रों के अनुसार, पहले चरण की तुलना में दूसरे चरण में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका ज्यादा है. सुतली बम जैसी घटनाओं को रोकने के लिए NIA की टीमें भी सक्रिय हैं. केंद्रीय बलों को खास निर्देश दिए गए हैं. मतदान केंद्रों पर पहले CAPF जवानों को तैनात किया जा चुका है.
इस चरण में 3 करोड़ 22 लाख से अधिक मतदाता अपनी वोटिंग अधिकार का इस्तेमाल करेंगे. चुनाव आयोग को इस चरण में भी 90 प्रतिशत से अधिक मतदान की उम्मीद है. युवा मतदाताओं और महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. कई लोग दूर-दराज के राज्यों से भी वोट देने पश्चिम बंगाल पहुंच रहे हैं.