menu-icon
India Daily

अब मिनटों में चढ़ जाएंगे पहाड़, दुनिया का सबसे लंबा एस्केलेटर बनाकर चीन ने किया कमाल

चीन के चोंगकिंग में 905 मीटर लंबा दुनिया का सबसे बड़ा आउटडोर एस्केलेटर बनाया गया है. इससे पहाड़ी सफर आसान हो गया है और समय की बचत हो रही है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
अब मिनटों में चढ़ जाएंगे पहाड़, दुनिया का सबसे लंबा एस्केलेटर बनाकर चीन ने किया कमाल
Courtesy: @edwardsdna X account

चोंगकिंग: चीन ने एक बार फिर अपनी इंजीनियरिंग की ताकत से दुनिया को हैरान कर दिया है. चोंगकिंग के वुशान काउंटी में दुनिया का सबसे लंबा आउटडोर एस्केलेटर बनाया गया है. जिसे 'वुशान गॉडेस एस्केलेटर' नाम दिया गया है. यह एस्केलेटर न सिर्फ अपनी शानदार लंबाई के लिए बल्कि जिस तरह से इसने स्थानीय लोगों की जिंदगी को आसान बनाया है, उसके लिए भी सबका ध्यान खींच रहा है.

रिपोर्ट के मुताबिक इस एस्केलेटर की लंबाई लगभग 905 मीटर है और यह 242 मीटर ऊंचा है. यह ऊंचाई लगभग 80 मंजिला इमारत के बराबर है. सबसे खास बात यह है कि जहां पहले इस पहाड़ी रास्ते को पार करने में एक घंटे से ज्यादा समय लगता था, वहीं अब यही सफर सिर्फ 20 से 21 मिनट में पूरा किया जा सकता है.

क्या है इसकी खासियत?

हालांकि यह कोई आम एस्केलेटर नहीं है. यह एक पूरा ट्रांसपोर्ट सिस्टम है जिसमें 21 आउटडोर एस्केलेटर, 8 लिफ्ट, 4 मूविंग वॉकवे, 2 पुल और 2 क्रॉस-पैसेज शामिल हैं. यांग्त्जी नदी के किनारे लिंगशान पहाड़ी इलाके में बना यह सिस्टम अब आम लोगों के लिए खोल दिया गया है.

किन लोगों को होगा फायदा?

दरअसल वुशान काउंटी का इलाका ज्यादातर पहाड़ी है. इस इलाके में रहने वाले लोगों को पहले रोजाना आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. शहर के बीचों-बीच या नदी के किनारे तक पहुंचना कोई आसान काम नहीं था. जिसके वजह से इस एस्केलेटर सिस्टम ने समुदाय के लिए एक बड़ी चुनौती को असरदार तरीके से हल कर दिया है. अब यहां के लोगों का न सिर्फ समय बचता है, बल्कि वे कहीं ज्यादा आरामदायक सफर का भी मजा ले पाते हैं.

स्थानीय लोगों के अलावा यह जगह अब एक नए टूरिस्ट स्पॉट के तौर पर भी उभरी है. अब यहां आने वाले लोग बिना किसी शारीरिक मेहनत के ऊंचाई तक पहुंच सकते हैं और ऊपर से दिखने वाले शानदार नजारों का मजा ले सकते हैं.

किससे हो रही इसकी तुलना?

इस प्रोजेक्ट पर भारत में भी काफी चर्चा हो रही है, जहां इसे बेहतरीन इंजीनियरिंग का एक शानदार उदाहरण बताया जा रहा है. कुछ लोग इसकी तुलना हांगकांग के सेंट्रल-मिड-लेवल्स एस्केलेटर से कर रहे हैं, लेकिन वुशान गॉडेस एस्केलेटर उससे कहीं ज्यादा लंबा और ज्यादा आधुनिक है.