भोपाल रेलवे स्टेशन पर एक खौफनाक हादसा हुआ है, जिसका 14 सेकंड का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 31 मार्च की रात करीब 11:31 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर यह घटना घटी, जब एक युवक चलती भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 19304) को पकड़ने की कोशिश में फिसल गया.
वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक तेजी से प्लेटफॉर्म पर दौड़ता हुआ ट्रेन के पास पहुंचता है. वह ट्रेन के गेट पर चढ़ने की कोशिश करता है, लेकिन संतुलन बिगड़ जाता है और वह सीधे ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच के खतरनाक गैप में जा गिरता है. अगले कुछ सेकंड में उसका शरीर ट्रेन और प्लेटफॉर्म की दीवार के बीच कई बार घिसटता हुआ दिखाई देता है. आसपास खड़े लोग चीख पड़ते हैं, लेकिन ट्रेन अपनी रफ्तार से आगे बढ़ती जाती है.
📍Bhopal, Madhya Pradesh: On March 31 at Bhopal railway station, a guy slipped while trying to catch the Bhopal–Indore Express and fell into the gap between the train and platform, getting dragged multiple times within seconds. He was critically injured and admitted to Hamidia… pic.twitter.com/2LosNt41Dy
— Deadly Kalesh (@Deadlykalesh) April 3, 2026
यह हादसा मात्र 5 सेकंड में कई बार घिसटने का था. युवक का शरीर बार-बार ट्रेन की बोगियों से रगड़ खाता रहा. घटना के तुरंत बाद स्टेशन स्टाफ और राहगीरों ने मिलकर युवक को बाहर निकाला. उसे गंभीर हालत में 108 एंबुलेंस से हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया. युवक की पहचान बिहार निवासी सिकंदर के रूप में हुई है.
रिपोर्ट्स के अनुसार उसके एक हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और सिर में गंभीर चोट आई है. अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और हालत नाजुक बताई जा रही है. कुछ रिपोर्ट्स में बाद में उसकी मौत की भी खबर आई, लेकिन आधिकारिक पुष्टि के साथ स्थिति स्पष्ट नहीं है. रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह पूरी तरह लापरवाही का मामला है. चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश हमेशा खतरनाक होती है.
रेलवे अधिकारियों ने अपील की है कि यात्रियों को कभी भी मूविंग ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. प्लेटफॉर्म पर ट्रेन पूरी तरह रुकने का इंतजार करना चाहिए. यह वीडियो देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने रेलवे सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं. कई लोगों ने कहा कि प्लेटफॉर्म एज पर सेफ्टी लाइन और ज्यादा जागरूकता की जरूरत है. ऐसे हादसे अक्सर जल्दबाजी में ट्रेन पकड़ने की वजह से होते हैं. रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि प्लेटफॉर्म पर सावधानी बरतें.