मुंबई में एक डिलीवरी वर्कर उस वक्त भावुक हो गया, जब उसे अनंत अंबानी की ओर से नई स्कूटर गिफ्ट की गई. साइकिल से डिलीवरी करने वाले सुजीत को जब अचानक नई स्कूटर मिली तो वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और रो पड़े. इस पूरे पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में सुजीत स्कूटर मिलने के बाद उसे गिफ्ट करने वाले हुसैन मंसूरी को गले लगाते और उनका शुक्रिया अदा करते नजर आ रहे हैं.
बताया गया कि सुजीत मुंबई में Blinkit के लिए डिलीवरी का काम करते हैं. वह साइकिल से ऑर्डर पहुंचाने का काम कर रहे थे. उनके लिए मोटर वाली स्कूटर खरीदना आसान नहीं था, क्योंकि आमदनी सीमित होने के बीच रोजमर्रा के खर्च भी काफी ज्यादा हैं. इसी दौरान उनकी मुलाकात हुसैन मंसूरी से हुई.
वायरल वीडियो में मंसूरी सुजीत से उनका नाम पूछते हैं और यह भी सवाल करते हैं कि उन्होंने अब तक बाइक या स्कूटर क्यों नहीं खरीदी. इस पर सुजीत बताते हैं कि कम कमाई और बढ़ती महंगाई के कारण उनके लिए दोपहिया वाहन खरीदना मुश्किल है. वह कहते हैं कि इतनी कम कमाई में बाइक खरीदना उनके लिए संभव नहीं है.
इसके बाद मंसूरी ने सुजीत से अपनी डिलीवरी पूरी करके वापस आने के लिए कहा. उन्होंने सुजीत को भरोसा दिलाया कि लौटने पर उनके लिए एक सरप्राइज होगा. डिलीवरी पूरी करके जब सुजीत वापस आए तो उन्हें आंखों पर पट्टी बांधकर एक जगह ले जाया गया.
इसके बाद उन्हें लाल कपड़े से ढकी एक स्कूटर के पास ले जाया गया. जैसे ही कपड़ा हटाया गया, सामने नई स्कूटर देखकर सुजीत हैरान रह गए. मंसूरी ने उन्हें बताया कि यह अनंत अंबानी की तरफ से उनके लिए छोटा सा तोहफा है.
नई स्कूटर देखकर सुजीत अपनी भावनाओं को रोक नहीं सके. वह भावुक होकर रोने लगे और मंसूरी को गले लगा लिया. वह बार-बार इस मदद के लिए धन्यवाद करते नजर आए. वीडियो में उनका भावुक चेहरा और खुशी लोगों का ध्यान खींच रही है.
यह वीडियो एक्स पर @PinkiPragya नाम के हैंडल से शेयर किया गया है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स अनंत अंबानी की इस पहल की तारीफ कर रहे हैं. कई लोगों ने कहा कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को उसकी रोजी-रोटी से जुड़ी चीज देना काफी मायने रखता है.
एक यूजर ने कहा कि इस तरह की मदद दूसरे लोगों को भी जरूरतमंदों की सहायता करने के लिए प्रेरित कर सकती है. वहीं, एक अन्य यूजर ने सुजीत को स्कूटर मिलने पर खुशी जताई. एक कमेंट में लिखा गया, 'Kindness still exists.' लोगों का कहना है कि इस तोहफे की कीमत से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि इससे एक मेहनतकश डिलीवरी वर्कर की रोजमर्रा की परेशानी कम हो सकती है.
डिलीवरी का काम करने वाले लोगों को दिनभर अलग-अलग जगहों पर जाना पड़ता है. ऐसे में साइकिल की तुलना में स्कूटर से लंबी दूरी तय करना आसान हो सकता है. सुजीत के लिए यह तोहफा सिर्फ एक वाहन नहीं, बल्कि रोज के काम को आसान बनाने वाली मदद है. इसी वजह से उनका भावुक रिएक्शन सोशल मीडिया पर लोगों के दिल को छू रहा है.