देहरादून: ऋषिकेश देश का सबसे लोकप्रिय रिवर राफ्टिंग केंद्र माना जाता है. यहां हर साल हजारों देशी-विदेशी पर्यटक गंगा की लहरों पर राफ्टिंग का रोमांच लेने पहुंचते हैं. हालांकि, नदी की तेज धाराओं के बीच यह साहसिक खेल कई बार खतरनाक भी साबित हो सकता है यदि सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन न किया जाए.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक पर्यटक गंगा की तेज धारा में बहते हुए संघर्ष करता नजर आ रहा है. इसी दौरान वहां मौजूद राफ्ट गाइड रोहित लखेरा की नजर उस पर पड़ी. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए रोहित बिना समय गंवाए अपनी कयाक लेकर उसकी ओर बढ़ गए.
वीडियो में देखा जा सकता है कि रोहित पूरी ताकत से अपनी नाव चलाते हुए पर्यटक तक पहुंचते हैं. पानी में संघर्ष कर रहा व्यक्ति बेहद कमजोर और अर्धचेतन अवस्था में दिखाई देता है. वह किसी तरह नाव को पकड़कर खुद को संभालने की कोशिश करता है. बचाव अभियान के दौरान एक चुनौतीपूर्ण स्थिति तब पैदा हुई जब पर्यटक ने सहारे के लिए रोहित की कयाक को मजबूती से पकड़ लिया. चूंकि कयाक का आकार छोटा था और वह केवल एक व्यक्ति का भार उठा सकती थी, इसलिए संतुलन बिगड़ गया और रोहित स्वयं पानी में गिर पड़े. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. उनके एक साथी ने भी इस दौरान मदद की.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बचाया गया पर्यटक नशे में इतना चूर था कि वह ठीक से बैठ भी नहीं पा रहा था. समय रहते किए गए इस प्रयास ने उसकी जान बचा ली. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. अब तक इसे 52 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है, जबकि हजारों लोग इसे पसंद और साझा कर चुके हैं. वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया उपयोगकर्ता राफ्ट गाइड और उनकी टीम की प्रशंसा करते नहीं थक रहे हैं. कई लोगों ने इसे मानवता और साहस का बेहतरीन उदाहरण बताया है. एक यूजर ने लिखा कि संकट की घड़ी में मदद के लिए आगे आने वाले लोग किसी देवदूत से कम नहीं होते. वहीं दूसरे यूजर ने दोनों गाइडों की बहादुरी को सलाम करते हुए कहा कि उनकी तत्परता ने एक परिवार को बड़ी त्रासदी से बचा लिया.