menu-icon
India Daily

संभल में भालू बनकर खेतों में घूम रहे किसान, बंदरों से फसल बचाने के लिए निकाला अनोखा तरीका, देखें वीडियो

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में किसानों ने बंदरों से फसल बचाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया है. किसान भालू की तरह कपड़े पहनकर खेतों में घूम रहे हैं ताकि बंदर डरकर भाग जाएं. यह तरीका सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

babli
Edited By: Babli Rautela
संभल में भालू बनकर खेतों में घूम रहे किसान, बंदरों से फसल बचाने के लिए निकाला अनोखा तरीका, देखें वीडियो
Courtesy: Social Media

उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने लोगों को हैरान भी किया है और सोचने पर भी मजबूर कर दिया है. यहां के किसान बंदरों से अपनी फसल बचाने के लिए बेहद अनोखा तरीका अपना रहे हैं. किसान भालू की तरह कपड़े पहनकर खेतों में घूमते नजर आ रहे हैं ताकि बंदर डर जाएं और फसल को नुकसान न पहुंचा सकें. 

संभल जिले के फिरोजपुर गांव के किसानों का कहना है कि पिछले काफी समय से बंदरों की वजह से उनकी फसल को भारी नुकसान हो रहा है. हर दिन बड़ी संख्या में बंदर खेतों में घुस आते हैं और तैयार फसल को बर्बाद कर देते हैं. ऐसे में किसानों ने यह नया तरीका अपनाया है.

आलू और स्ट्रॉबेरी की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान

गांव के किसान धरमबीर ने बताया कि इलाके में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. उनके अनुसार गांव के आसपास करीब सौ से ज्यादा बंदर मौजूद हैं जो रोज खेतों में आ जाते हैं. धरमबीर के मुताबिक बंदर खास तौर पर आलू और स्ट्रॉबेरी की फसल को ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं. कई बार पूरी मेहनत से उगाई गई फसल कुछ ही घंटों में बर्बाद हो जाती है. इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है.

इसी परेशानी से बचने के लिए गांव के कुछ किसानों ने भालू की तरह दिखने वाले कपड़े पहनकर खेतों में घूमना शुरू कर दिया. किसानों का दावा है कि जब वे इस तरह खेत में जाते हैं तो बंदर उन्हें देखकर डर जाते हैं और वहां से भाग जाते हैं.

खेतों में भालू बनकर पहरा दे रहे किसान

स्थानीय लोगों के अनुसार किसान सुबह और शाम के समय भालू जैसी पोशाक पहनकर खेतों में जाते हैं. दूर से देखने पर यह बिल्कुल असली भालू जैसा लगता है. यही वजह है कि बंदर पास आने से डरते हैं. किसानों का कहना है कि यह तरीका भले ही अस्थायी हो लेकिन फिलहाल इससे उन्हें काफी राहत मिल रही है. कम से कम बंदर खेतों में आने से बच रहे हैं और फसल को कुछ हद तक सुरक्षित रखा जा रहा है. हालांकि किसानों का यह भी कहना है कि यह हमेशा के लिए समाधान नहीं हो सकता. लंबे समय तक इस तरह खेतों की रखवाली करना आसान नहीं है.