menu-icon
India Daily

मैन ऑफ द मैच को न मेडल मिला न ट्रॉफी, इनाम में घर ले गए जिंदा देसी मुर्गा; मजेदार वीडियो हुआ वायरल

उत्तर प्रदेश के देवरिया में आयोजित महुआरी प्रीमियर लीग में खिलाड़ियों को मेडल के स्थान पर जिंदा देसी मुर्गा इनाम में दिया गया. इस अनोखे 'मैन ऑफ द मैच' अवॉर्ड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

Kanhaiya Kumar Jha
मैन ऑफ द मैच को न मेडल मिला न ट्रॉफी, इनाम में घर ले गए जिंदा देसी मुर्गा; मजेदार वीडियो हुआ वायरल
Courtesy: Social Media

देवरिया: क्रिकेट की दुनिया में अक्सर हम खिलाड़ियों को महंगी गाड़ियां, चमकदार ट्रॉफियां या लाखों के चेक लेते देखते हैं. लेकिन उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक ऐसी खबर आई है जिसने क्रिकेट प्रेमियों को हैरान भी किया और खूब हंसाया भी. यहां एक स्थानीय टूर्नामेंट में विजेता खिलाड़ी को जो इनाम मिला, उसकी चर्चा अब सात समंदर पार तक हो रही है. यह घटना खेल के प्रति ग्रामीण जुनून और वहां के देसी अंदाज को बखूबी बयां करती है.

दरअसल, देवरिया के पथरदेवा क्षेत्र में स्थित महुआरी गांव इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है. यहां 1 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक 'महुआरी प्रीमियर लीग' (MPL) का सफल आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में आसपास के इलाकों की लगभग 16 टीमों ने हिस्सा लिया था. गांव के इस मैदान पर खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. दर्शकों की भीड़ और शोर ने माहौल को किसी बड़े स्टेडियम जैसा बना दिया था.

देसी मुर्गे वाला अनोखा पुरस्कार 

टूर्नामेंट में मैच तो शानदार हुए ही, लेकिन असली रोमांच पुरस्कार वितरण के दौरान आया. आमतौर पर 'मैन ऑफ द मैच' को कप या मेडल दिया जाता है, लेकिन यहां आयोजकों ने कुछ अलग ही सोचा था. जैसे ही सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के नाम की घोषणा हुई, मंच पर एक आयोजक हाथ में फड़फड़ाता हुआ जिंदा देसी मुर्गा लेकर पहुंच गया. यह नजारा देखकर मैदान में मौजूद हर शख्स अपनी हंसी नहीं रोक पाया.

सोशल मीडिया पर मची धूम 

इनाम में मुर्गा पकड़े हुए खिलाड़ी की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है. यूजर्स इसे 'शुद्ध देसी क्रिकेट' और 'ऑर्गेनिक अवॉर्ड' का नाम दे रहे हैं. इंटरनेट पर लोग इस पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं. कोई आईपीएल की चकाचौंध से इसकी तुलना कर रहा है, तो कोई इसे खिलाड़ियों की डाइट के लिए सबसे बेहतरीन तोहफा बता रहा है. दर्शकों की तालियां वीडियो में साफ सुनी जा सकती हैं.