नई दिल्ली: कभी-कभी इंसानियत का सबसे बड़ा परिचय किसी बड़ी दौलत से नहीं, बल्कि सही समय पर बढ़ाए गए एक छोटे से हाथ से मिलता है. ऐसा ही एक भावुक मामला सामने आया, जहां एक जोमैटो डिलीवरी पार्टनर अपनी मां की गंभीर हालत को लेकर परेशान था. उसी दौरान एक ग्राहक ने उसकी परेशानी समझी और बिना देर किए उसके लिए करीब 4 हजार रुपये का हवाई टिकट बुक कर दिया. यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हजारों लोगों का दिल जीत रही है.
इस घटना को एक्स यूजर अंकित पांडे ने साझा किया. उन्होंने बताया कि डिलीवरी पार्टनर पहले भी कई बार उनके घर आ चुका था, इसलिए वह उसे पहचानते थे. खाना देने के बाद डिलीवरी पार्टनर ने झिझकते हुए एक गिलास पानी मांगा. अंकित ने उसे अंदर बुलाया. तभी उन्होंने देखा कि उसकी आंखें लाल थीं और वह काफी परेशान दिखाई दे रहा था.
बातचीत के दौरान डिलीवरी पार्टनर ने बताया कि सुबह उसकी मां सीढ़ियों से गिर गई थीं और आईसीयू में भर्ती हैं. उसके पास घर जाने के लिए सिर्फ रात की ट्रेन थी, जिससे पहुंचने में करीब 30 घंटे लगते. उसे डर था कि शायद वह समय पर मां से नहीं मिल पाएगा. यह सुनकर अंकित ने पहले उसे अपने साथ खाना खिलाया और फिर इंटरनेट पर फ्लाइट खोजनी शुरू कर दी.
अंकित को करीब 4 हजार रुपये का हवाई टिकट मिला और उन्होंने तुरंत उसे बुक कर दिया. जब डिलीवरी पार्टनर ने कहा कि वह पहले कभी हवाई अड्डे नहीं गया, तो अंकित ने भरोसा दिलाया कि उनका एक दोस्त वहां उसकी मदद करेगा. कुछ घंटों बाद वह सुरक्षित अपने घर पहुंच गया और अपनी मां से मिल सका.
अगली सुबह डिलीवरी पार्टनर का फोन आया. उसने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार उसकी मां अब खतरे से बाहर हैं और कुछ दिनों में अस्पताल से घर लौट सकती हैं. उसने टिकट पर खर्च हुए पूरे 4 हजार रुपये वापस भी भेज दिए. हालांकि अंकित ने वह रकम फिर लौटा दी और कहा कि इसका इस्तेमाल मां के इलाज और अस्पताल के खर्च में किया जाए.
अंकित ने अपनी पोस्ट में लिखा कि किसी की जिंदगी बदलने के लिए हमेशा बड़ी रकम की जरूरत नहीं होती. कई बार एक गिलास पानी, एक वक्त का खाना और घर पहुंचने का एक टिकट ही किसी के लिए सबसे बड़ी उम्मीद बन जाता है. यह कहानी वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अंकित की जमकर तारीफ की और इसे इंसानियत की मिसाल बताया.