Bijnor Viral Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में रात के अंधेरे में बैग लटकाए हुए एक शख्स को रेलवे ट्रैक पर बैठे देखा जा सकता है. वीडियो में शख्स के पास कुछ पुलिसकर्मी दिख रहे हैं, जो उससे पूछताछ कर रहे हैं. इस दौरान जब पुलिसकर्मी उससे खड़े होने को कहते हैं, तो वो लड़खड़ाने लगता है. पुलिस को पता चलता है कि शख्स नशे में है. वायरल वीडियो बिजनौर का बताया जा रहा है.
वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि बैग लेकर एक शख्श नशे में रेलवे ट्रैक की ओर चला गया. इस दौरान वो ट्रैक के बीच में सो गया. थोड़ी देर बाद रेलवे ट्रैक के ऊपर से मसूरी एक्सप्रेस गुजरी. ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रैक पर पड़े शख्स को देख लिया था. उसने रेलवे पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो लगा कि शख्स की मौत हो गई होगी, लेकिन वो जिंदा निकला.
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन के गुजर जाने के बाद भी शख्स बच गया, उसे एक खरोंच तक नहीं आई. नशे में धुत्त शख्स नेपाल मूल का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, शख्स नशे में बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के आदमपुर रेलवे फाटक की चला गया था.
पुलिस ने जब उसे रेलवे ट्रैक से उठाया, तो उसने कुछ बताना चाहा, लेकिन नशे में होने के कारण उसकी जुबान लड़खड़ाने लगी. फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शहर कोतवाल उदय प्रताप के मुताबिक, शख्स की पहचान अमर बहादुर के रूप में हुई है, जो नशे की हालत में बेसुध होकर रेलवे ट्रैक के बीच में सो गया था.