भइया, रोजगार जो न करा दे. भारत में रोजगार के लिए ऐसी हालत हो गई है कि नौकरी सैकड़ों में हो तो लाखों लोग इंटरव्यू देने चले आएं. ये फसाना नहीं है, हकीकत है. मायानगरी मुंबई में एयर इंडिया एयरपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने 1800 वैकेंसी निकाली लेकिन इस पद के लिए इटंरव्यू देने 50,000 से ज्यादा लोग दौड़े चले आए. ये पोस्ट भी कोई बहुत बड़ी नहीं थी. सहायक और यूटिलिटी एजेंट पदों के लिए निकाली गई इस वैकेंसी के लिए हजारों की भीड़ चली आई.
ये नौकरियां, एयरपोर्ट पर अलग-अलग विभागों में मरम्मत और रखरखाव करने से जुड़ी हैं. रोजगार की किल्लत में बेरोजगार युवा नौकरी का नाम सुनते ही दौड़ पड़े. मुंबई का कलीना इलाका, ऐसा नजर आने लगा कि कुंभ मेले के दौरान प्रयागराज नजर आता है. हजारों लोगों की भीड़ आई तो सर्विस अथॉरिटी खुद हांफ गई. लोगों को सलाह दी गई कि आइए, सीवी रखिए और चले जाइए.
जिस दफ्तर में इंटरव्यू चल रहा था, उसके बाहर इतनी भीड़ हो गई कि लोगों का निकलना मुहाल हो गया. जरा सी चूक अगर होती तो भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो जाती. अभ्यर्थियों से कहा गया कि रिज्यूमे सबमिट करें और यहां से निकल जाएं.
एविएशन इंडस्ट्री एंप्लाई गिल्ड के महासचिव जॉर्ज आबराम ने कहा कि इटंरव्यू की प्रक्रिया अनियमित तरीके से हुई, जिसकी वजह से 50,000 से ज्यादा लोग इंटरव्यू के लिए चले आए. उन्होंने कहा, 'हमने कंपनी को चेतावनी दी है कि ऐसी भर्ती न हो. 1 किलोमीटर से ज्यादा लंबी कतार नजर आ रही थी. पुलिस बुलानी पड़ी. अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे अपना आवेदन रखें, उन्हें बाद में बुलाया जाएगा. 1786 सहायक और 16 यूटिलिटी एजेंट्स के लिए ये वैकेंसी थी. यह दिखा रहा है कि रोजगार की असली स्थिति क्या है.'
A huge crowd of job seekers turned up for a walk-in interview at Air India Airport Services Ltd in Mumbai's Kalina on Tuesday, causing chaotic scenes. Videos of the crowd doing rounds on social media show thousands of people rushing towards the interview centre. #mumbai… pic.twitter.com/5Wcsd0ijsm
— Aman (@Aman34_) July 17, 2024
अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम उम्र 23 साल और न्यूनतम पढ़ाई 10वीं थी. सैलरी महज 22,530 रुपये के लिए हजारों लोग उमड़ आए. ये 3 साल के लिए नौकरी का करार होना था लेकिन लोग बड़ी संख्या में उमड़ आए. एक तरफ जहां यूनियन का कहना है कि 50,000 लोग आएष वहीं AI एयरपोर्ट सर्विस लिमिटेड के CEO रामबाबू चिंतबालाचेरुवु ने कहा है कि करीब 15,000 लोग नौकरी के लिए आए थे.