December Updates: साल 2023 के आखिरी महीने यानी दिसंबर की शुरुआत हो चुकी है. आज से छोटे-बड़े कई बदलाव हुए हैं. दिसंबर के पहले ही दिन कमर्शियल LPG सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी की गई है. तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं.
दिल्ली में ये सिलेंडर 21 महंगा होकर 1796.50 रुपए में बिक रहा है. पहले यह 1775 रुपए में था. कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत कोलकाता में 1908 रुपए, मुंबई में 1749 रुपए, चेन्नई में 1968.50 रुपए हो गई है.
वहीं, घरेलू गैस सिलेंडर की बात करें तो उसके दामों में कोई भी बदलाव नहीं हुआ है. दिल्ली में 14.2 KG वाले घरेलू गैस सिलेंडर 903 रुपए और भोपाल में 908 रुपए में मिल रहा है.
कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा होने से खाने-पीने की इंडस्ट्री और रेस्टोरेंट कारोबार पर इसका असर देखने को मिलेगा. ऐसे में होटल और रेस्टोरेंट में मिलने वाला खाना पीना महंगा हो सकता है. इस तरह इनडायरेक्ट वे में आम जनता की जेब पर असर पड़ेगा.
1 दिसंबर से और भी कई बदलाव हुए हैं. आइए बड़े बदलावों पर नजर डालते हैं कि आज से कौन-कौन से नियम बदले हैं और क्या बदलाव हुआ है.
मलेशिया ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा फ्री कर दिया है. भारत के साथ साथ मलेशिया ने चीनी नागरिकों के लिए भी वीजा फ्री कर दिया है. इससे पहले श्रीलंका-थाईलैंड भारतीयों के लिए वीजा फ्री एंट्री का ऐलान कर चुके हैं.
आज यानी 1 दिसंबर से सिम बेचने के नियमों में भी बदलाव किया जा रहा है. अब सिम बेचने वाले सभी डीलर्स का वेरिफिकेशन होना अनिवार्य होगा. इसके लिए उन्हें रजिस्ट्रेशन भी करवाना होगा. सिम बेचने वाले सभी डीलर्स का पुलिस वेरिफिकेशन कराने की जिम्मेदारी टेलीकॉम ऑपरेटरों की होगी. अगर कोई भी नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उस पर 10 लाख का जुर्माना लगाया जाएगा.
पेमेंट रेगुलेटरी NPCI ने कुछ दिन पहले सर्कुलर जारी कर थर्ड पार्टी ऐप प्रोवाइडर्स और पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स से एक साल से इनएक्टिव पड़ी यूपीआई आईडी को डीएक्टिवेट करने को कहा है. अगर आपने कोई यूपीआई आईडी पिछले एक साल से नहीं इस्तेमाल की है तो बंद हो सकती है.
मार्केट रेग्युलेटर सेबी (SEBI) ने IPO लिस्टिंग की समय सीमा को घटा दिया है. है. पहले आईपीओ ओपन होने के बाद कंपनी को मार्केट में लिस्ट होने में 6 दिन का समय लगता था. अब यह समय सीमा को बढ़ाकर 3 दिन कर दिया है. अब शेयर मार्केट में कंपनी के लिस्टिंग की प्रक्रिया तेजी के साथ होगी.