Nothing CMF Buds Pro 2 Review: जब नथिंग ब्रांड मार्केट में आया था तब मुझे लगा नहीं था कि इसके प्रोडक्ट्स दूसरी कंपनियों के लिए कॉम्पिटीटर बन सकते हैं. हालांकि, ये सोच धीरे-धीरे बदल रही है. Nothing CMF Buds Pro 2 के साथ कुछ हद तक यह सोच बदल सकती है. वॉल्यूम कंट्रोल करने और ट्रैक बदलने का यह कूल तरीका इससे पहले कभी देखने को नहीं मिला है. रेट्रो और मॉडर्न के परफेक्ट कॉम्बो वाले ये बड्स साउंड के मामले में कैसे हैं ये हम आपको यहां बताएंगे.
पिछले कुछ समय से मैं CMF Buds Pro 2 इस्तेमाल कर रही हूं और लगभग हर बीट वाले गानें इसके साथ सुने हैं. मेरी नजर में ये बड्स कैसे हैं और जिस कीमत में लॉन्च किए गए हैं क्या उस कीमत के लायक हैं, अगर आप इन सवालों का जवाब चाहते हैं तो यहां हम आपको इनका डिटेल्ड रिव्यू बता रहे हैं.
इन बड्स के डिजाइन में रेट्रो के साथ मॉडल फील दिया गया है. एक तरफ जहां कपनियां टच सेंसिटिव कंट्रोल्स दे रही हैं वहीं, नथिंग डायल के जरिए वॉल्यूम को कंट्रोल करने की सुविधा दे रही है. इसमें एक रोटरी डायल दिया गया है जिसके साथ वॉल्यूम कंट्रोल करना, ट्रैक चेंज करना, वॉयस अस्सिटेंट एक्टिव करना आदि काम कर सकते हैं. हमारे पास CMF Buds Pro 2 का ऑरेंज कलर आया है जो दिखने में इसके पुराने वेरिएंट जैसा ही है. इसमें सिर्फ रोटरी डायल को एड किया गया है. इसे एक कूल आइडिया कहा जा सकता है. हालांकि, डिजाइन के मामले में मुझे इसका पुराना वेरिएंट भी पसंद आया था और ये भी पसंद आया.
केस की बात करें तो यह स्क्वायर शेप और मैट फिनिश में आता है जिससे यह आसानी से फिसलता नहीं है और ग्रिप बनी रहती है. ये जेब में भी आसानी से फिट हो जाता है. इसके चार्जिंग केस की लीड खोलने पर ईयरबड्स दिखेंगे जो मैग्नेट की मदद से एक जगह फिक्स रहते हैं. कुल मिलाकर इसका डिजाइन मुझे पर्सनली काफी पसंद आया है. CMF Buds Pro 2 खासतौर से उन लोगों को पसंद आएगा जिन्हें फंकी कलर्स वाले बड्स पसंद होते हैं.
आपको इयरबड्स के टच कंट्रोल्स इस्तेमाल करने हैं या फिर रोटरी डायल के, ये आप खुद सेट कर सकते हैं. इसके लिए आपको Nothing X ऐप को डाउनलोड करना है. यहां Controls पर जाकर दो ऑप्शन्स मिलेंगे जिसमें ईयरबड्स और रोटरी डायल का ऑप्शन होगा. यहां से से आप कस्टमाइज कर सकते हैं कि कितने टैप और प्रेस से वॉल्यूम कंट्रोल आदि किया जा सकेगा. अल्ट्राबास को भी यहीं से ऑन किया जा सकेगा और इसे 5 लेवल्स तक एडजस्ट किया जा सकता है. नॉइस कंट्रोल यहां से भी किया जा सकता है जिसमें नॉइस कैंसिलेशन, ट्रांसपेरेंसी और ऑफ के ऑप्शन्स दिए गए हैं.
CMF Buds Pro 2 एक साथ दो डिवाइसेज में भी कनेक्ट किया जा सकता है. ऐप में डिवाइस सेटिंग्स में जाकर Dual Connection का ऑप्शन आएगा. इस पर जाकर आपको जिस भी डिवाइस से इसे कनेक्ट करना है उसे सेलेक्ट कर लें. सिर्फ यही नहीं, इसमें Find My Earbuds फीचर दिया गया है जिसके जरिए अगर आप कहीं ईयरबड्स रखकर भूल गए हैं तो इसके साथ उन्हें ढूंढ पाएंगे.
ये कानों में काफी कंफर्टेबल रहते हैं और अच्छे से फिट भी हो जाते हैं. CMF Buds Pro 2 को मैंने जॉगिंग करते समय या एक्सरसाइज करते समय इस्तेमाल किया और किसी भी एक्टिविटी के दौरान ये कानों से बाहर नहीं आए. ये पूरी तरह से फिट रहे. इनकी प्लास्टिक क्वालिटी काफी अच्छी है जिससे इन्हें ज्यादा देर तक कानों में लगाने पर दर्द भी नहीं होता है.
CMF Buds Pro 2 को मैंने दो फोन्स के साथ पेयर किया जिसमें एक है CMF Phone 1 और दूसरा है iPhone. दोनों के साथ ही ये इंस्टेंट पेयर हो गया. आईफोन के साथ मुझे थोड़ी दिक्कत हुई क्योंकि मैंने बड्स का पेयरिंग मोड ऑन नहीं किया था लेकिन फिर मैनुअल पढ़ा और मेरा काम हो गया. फास्ट पेयर के लिए ब्लूटूथ 5.3 वर्जन दिया गया है. एक बार पेयर करने के बाद ये इंस्टेंट कनेक्ट हो जाते हैं. हालांकि, आपको ऐप में जाकर यह सेलेक्ट कर सकते हैं कि आपको किसके साथ बड्स को कनेक्ट करना है.
हर किसी की साउंड की समझ अलग होती है. एक जैसी साउंड पर दो अलग-अलग लोगों की अलग-अलग राय हो सकती है. इनकी साउंड क्वालिटी मुझे काफी पसंद आई. मुझे बहुत ज्यादा हाई बीट वाले पसंद नहीं हैं तो ज्यादातर मैंने इसमें स्लो म्यूजिक सुनें. साथ मूवीज और सीरीज भी देखीं. इस तरह की साउंड में मुझे ये बड्स काफी पसंद आए. CMF Buds Pro 2 की साउंड काफी नैचुरल और क्लियर लगेगी. टेस्ट करने के लिए मैंने हैवी बास वाले गाने सुनें. इस दौरान मुझे लगा कि यह थोड़ा और बेहतर हो सकता था. अल्ट्राबास फीचर का भी इस्तेमाल किया लेकिन मनपसंद क्वालिटी नहीं मिल पाई.
एक्टिव नॉइस कैंसिलिंग की बात करें तो इस सेगमेंट में ये बेहतर हो सकते थे. मैंने ऑफिस में दोनों ईयरबड्स को लगाया और ANC ऑन किया. इसके बाद भी मुझे पीछे की आवाज हल्की-हल्की सुनाई दे रही थी. ऐसे में ये ईयरफोन्स ज्यादा शोर वाली जगहों के लिए सही नहीं रहेंगे. कॉल क्वालिटी की बात करें तो मुझे इस मामले में ये ईयरबड्स पसंद आए. कॉल पर मौजूद दूसरे व्यक्ति की आवाज मुझे सही तरह से सुनाई दे रही थी और मेरी आवाज भी दूसरी तरफ सही से पहुंच रही थी.
किसी भी ईयरबड्स के लिए उसकी बैटरी भी जरूरी होती है. एक बार के चार्ज में यह 6 से 7 घंटे तक का प्लेबैक टाइम दे सकती है. अगर आप ANC ऑन करेंगे तो यह समय कम हो जाएगा. वहीं, केस के साथ एक दिन से भी ज्यादा का बैकअप मिलेगा. हालांकि, मेरा यूज बहुत ज्यादा नहीं है तो मैंने जब से इस्तेमाल करना शुरू किया है केवल दो ही बार चार्ज पर लगाया है. तो मेरे लिए तो बैटरी के मामले में ये एक-वन हैं.
इनकी कीमत 4,299 रुपये है. फिजिकल डायर के साथ आने वाले ये वायरलेस ईयरबड्स साउंड के मामले में काफी अच्छे हैं. अगर आप बहुत हैवी बीट या बास वाला म्यूजिक सुनने के शौकीन नहीं हैं और अपने कलेक्शन में एक ट्रेंडी एडिशन चाहते हैं तो ये बड्स आपका काफी पसंद आएगी. हाई बीट वाले म्यूजिक औरल ANC के अलावा CMF Buds Pro 2 हर मामले में बेस्ट साबित हुए हैं.