नई दिल्ली: अमेरिकी टेक कंपनी Apple अगले साल यानी 2027 में iPhone की 20वीं सालगिरह मनाने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए कुछ बड़ा प्लान भी किया जा रहा है. कंपनी वैसे तो अगले साल iPhone 18 सीरीज लॉन्च करेगी, लेकिन ऐसा भी माना जा रहा है कि इस मौके पर कंपनी iPhone 20 लॉन्च कर सकती है, जिसे एनिवर्सरी मॉडल भी कहा जा रहा है. हालांकि, यह खबर केवल लीक पर आधारित है. कंपनी ने इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.
खबरों के अनुसार, यह अपकमिंग iPhone बिल्कुल नए तरह के डिस्प्ले के साथ आएगा. उम्मीद की जा रही है कि इस फोन में क्वाड कर्व्ड स्क्रीन मौजूद होगी. इसका मतलब है कि स्क्रीन चारों तरफ से हल्की मुड़ी हुई होगी. Apple इसे Liquid Glass Display का नाम दे सकता है.
अगर कुछ एंड्रॉइड स्मार्टफोन्स की बात करें तो इनमें भी कर्व्ड स्क्रीन दी जाती है. इसमें हल्का और एक जैसा कर्व देखने को मिलता है. इसका मकसद स्क्रीन के चारों ओर मौजूद काले बॉर्डर को गायब करना है. कहा जा रहा है कि इसके लिए Apple कंपनी Samsung के साथ मिलकर काम कर रही है. वे COE यानी कलर फिल्टर ऑन एनकैप्सुलेशन नाम की एक खास टेक्नोलॉजी वाले ओएलईडी पैनल पर काम कर रहे हैं, जिसे On-Cell Film भी कहा जाता है.
इस नई टेक्नोलॉजी की बात करें तो यह तकनीक नॉर्मल स्क्रीन में इस्तेमाल होने वाली मोटी पोलराइजर लेयर को हटा देती है. इस नए फोन का डिस्प्ले स्लिम होने की उम्मीद है. Samsung ने दावा किया है कि इससे 33% बेहतर लाइट ट्रांसमिशन और 25% कम बिजली की खपत होती है.
एप्पल चाहता है कि उसका स्क्रीन सिर्फ एक कांच की तरह दिखे, लेकिन Face ID सिस्टम और फ्रंट कैमरे को स्क्रीन के नीचे पूरी तरह से छिपाना अभी भी एक बड़ी तकनीकी चुनौती है. यही वजह है कि iPhone 20 शायद Dynamic Island के साथ ही लॉन्च हो, जिसमें सेल्फी कैमरा और Face ID सेंसर लगे होते हैं.