नई दिल्ली: गूगल ने एंड्रॉइड यूजर्स के लिए कई कड़े कदम उठाए हैं, जिससे उन्हें सुरक्षित रखा जा सके. कंपनी उन ऐप्स पर कार्रवाई कर रही है, जो फोन की बैटरी को तेजी से ड्रेन करती हैं. इसके साथ ही गूगल प्ले स्टोर पर एक नए फीचर की भी घोषणा की है, जिसमें ज्यादा बैटरी इस्तेमाल करने वाली ऐप्स को वॉर्निंग लेबल के साथ लिस्ट किया जाएगा.
बता दें कि यह बदलाव दुनिया भर के सभी एंड्रॉइड स्मार्टफोन यूजर्स के लिए उपलब्ध करा दिया गया है. इसके बाद से आपको ऐसी ऐप्स सजेशन में नहीं दिखेंगी, जो ज्यादा बैटरी इस्तेमाल करती हैं.
गूगल को पता चला है कि कुछ ऐप्स एंड्रॉइड के वेक लॉक मैकेनिज्म का गलत इस्तेमाल कर रही हैं. यह स्क्रीन बंद होने पर भी सीपीयू को बैकग्राउंड में चलने की अनुमति देता है. कंपनी ने उन ऐप्स को खराब बिहेवियर वाला बताया है, जो यूजर सेशन बंद होने के बाद भी, पिछले 28 दिनों में पार्शियल वेक लॉक मैकेनिज्म पांच परसेंट से ज्यादा समय तक एक्टिव रखते हैं.
इससे निपटने के लिए, Google अब ऐप के प्ले स्टोर पेज पर एक खास वॉर्निंग मैसेज दिखाएगा. उदाहरण के लिए, यूजर्स को एक नोट दिख सकता है जिसमें लिखा होगा- लगातार बैकग्राउंड एक्टिविटी की वजह से यह ऐप उम्मीद से ज्यादा बैटरी इस्तेमाल कर सकता है. जब कोई ऐसा ऐप इंस्टॉल करने की कोशिश करेगा, तो उन्हें तुरंत यह अलर्ट मिलेगा.
इस फीचर के साथ लोगों को स्मार्ट च्वाइस मिलेगी, जिससे वो ऐसी ऐप्स को अवॉइड कर पाएंगे, जो ज्यादा बैटरी खपत करते हों. इसके साथ ही ज्यादा बेहतर अल्टरनेटिव्स ढूंढ सकते हैं जो कम बैटरी खाएं.
यह नया सिस्टम Google द्वारा ऐप डेवलपर्स से फीडबैक सुनने के बाद बनाया गया था. यह डेवलपर्स को अपनी ऐप्स में बैटरी खत्म होने वाली प्रॉब्लम्स को पहचानने और उन्हें ठीक करने का मौका देता है. इन चेतावनियों को देखकर, डेवलपर्स अपने कोड को बेहतर बना सकते हैं. इसके साथ ही बैकग्राउंड यूसेज कम कर सकते हैं, और अपने ऐप्स को ज्यादा एफिशिएंटली रन कर सकते हैं.