नई दिल्ली: आजकल हर कोई Google और Facebook का इस्तेमाल करता है. लेकिन अगर आपके साथ कुछ अनहोनी घट जाए तो आपका अकाउंट कौन संभालेगा, क्या कभी इस बारे में सोचा है? आपकी फोटोज, ईमेल, डॉक्यूमेंट्स और यादें कहां जाएंगी? इन सवालों का जवाब है डिजिटल वसीयत. Google और Facebook दोनों ही कंपनियां आपको यह सुविधा देती हैं.
Google का एक खास फीचर है जिसे Inactive Account Manager कहते हैं. इसमें आप तय कर सकते हैं कि अगर आपने अपना अकाउंट 3 महीने से 18 महीने तक इस्तेमाल नहीं किया तो क्या होना चाहिए. समय पूरा होने पर Google पहले आपके फोन नंबर और बैकअप ईमेल पर मैसेज भेजकर पूछेगा कि आप ठीक हैं या नहीं. अगर कोई जवाब नहीं आता तो आपके चुने हुए लोगों को सूचना भेज दी जाती है.
आप 10 लोगों तक को ट्रस्टेड व्यक्ति बना सकते हैं. हर व्यक्ति को अलग-अलग एक्सेस दे सकते हैं. उदाहरण के लिए- पत्नी को ईमेल और फोटोज का एक्सेस, बेटे को सिर्फ Google Drive का. आप यह भी तय कर सकते हैं कि समय पूरा होने पर पूरा अकाउंट अपने आप डिलीट हो जाए.
सबसे पहले myaccount.google.com पर जाएं. फिर Data and Privacy पर जाएं. इसके बाद Digital Legacy Planning (डिजिटल विरासत की योजना) का ऑप्शन चुनें.
Facebook के इस फीचर को Legacy Contact कहते हैं. आप किसी एक व्यक्ति को चुन सकते हैं जो आपके बाद आपकी प्रोफाइल संभाले. उसकी प्रोफाइल पर “Remembering” लिखा आएगा. यह व्यक्ति आपकी पुरानी पोस्ट नहीं हटा सकता और न ही आपके मैसेज पढ़ सकता है. लेकिन वह प्रोफाइल फोटो बदल सकता है और नई पोस्ट डालकर लोगों को सूचना दे सकता है. आप चाहें तो पूरा अकाउंट हमेशा के लिए डिलीट करने का भी ऑप्शन चुन सकते हैं.
सबसे पहले प्रोफाइल फोटो पर क्लिक करें. इसके बाद Settings and Privacy पर जाएं. फिर Settings पर जाकर Accounts Center पर जाएं. इसके बाद Personal Details पर जाएं और फिर Account Ownership and Control पर जाकर Memorialization पर टैप करें.
टिप: सिर्फ सेटिंग करना काफी नहीं है. जिस व्यक्ति को आपने चुना है, उसे जरूर बता दें. अगर उसे पता नहीं होगा तो जरूरत पड़ने पर वह कुछ नहीं कर पाएगा. डिजिटल वसीयत बनाकर आप अपनी यादों, फाइलों और अकाउंट को सुरक्षित रख सकते हैं. आज ही इसे सेट कर लें.