menu-icon
India Daily

IT सेक्टर में खुशखबरी, AI नहीं छीन रहा नौकरी, 25 हजार युवाओं को नौकरी देगी कॉग्निजेंट

आईटी सर्विस कंपनी कॉग्निजेंट ने 2026 में 24 से 25 हजार नए ग्रेजुएट और युवा इंजीनियरों को हायर करने का ऐलान किया है. कंपनी का कहना है कि AI कर्मचारियों के लिए खतरा नहीं बल्कि मददगार साबित हो रहा है.

babli
Edited By: Babli Rautela
IT सेक्टर में खुशखबरी, AI नहीं छीन रहा नौकरी, 25 हजार युवाओं को नौकरी देगी कॉग्निजेंट
Courtesy: X

आईटी सेक्टर में लगातार यह चर्चा चल रही है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की वजह से नौकरियां खत्म हो जाएंगी. लेकिन इसी बीच आईटी सर्विस कंपनी कॉग्निजेंट ने युवाओं के लिए बड़ी राहत देने वाली खबर दी है. कंपनी ने ऐलान किया है कि वह साल 2026 में करीब 24 से 25 हजार नए ग्रेजुएट और युवा इंजीनियरों को हायर करेगी. कॉग्निजेंट की यह हायरिंग 2025 के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत ज्यादा होगी. कंपनी ने बीते साल लगभग 20 हजार नए ग्रेजुएट्स को हायर किया था. इनमें से ज्यादातर कर्मचारी अभी प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं, जबकि कुछ ट्रेनिंग फेज में हैं. इस बढ़ोतरी से साफ है कि कंपनी आने वाले समय में अपने वर्कफोर्स को और मजबूत करने की तैयारी में है.

AI नौकरी खा नहीं रहा बल्कि काम आसान बना रहा

कॉग्निजेंट के सीईओ रवि कुमार एस ने 2025 की चौथी तिमाही के नतीजों के दौरान कहा कि कंपनी बड़े पिरामिड मॉडल पर काम कर रही है. उन्होंने साफ किया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल हाई वैल्यू टेक्नोलॉजी को एंट्री लेवल कर्मचारियों तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा है, न कि उनकी नौकरी खत्म करने के लिए.

उनके मुताबिक AI टूल्स की मदद से अब जूनियर कर्मचारियों को भी जटिल टेक्निकल टास्क जल्दी समझने और पूरा करने का मौका मिल रहा है. इससे नए इंजीनियर पुराने डिलीवरी मॉडल के मुकाबले में तेजी से प्रोडक्टिव बन पा रहे हैं.

IT सेक्टर में फैले डर से अलग रास्ता

जहां कई आईटी कंपनियां एंट्री लेवल हायरिंग को लेकर सतर्कता बरत रही हैं, वहीं कॉग्निजेंट ने अलग रणनीति अपनाई है. कंपनी का मानना है कि AI, ऑटोमेशन और एजेंट बेस्ड सॉफ्टवेयर की मदद से काम को छोटे छोटे टास्क में बांटना आसान हो गया है. इससे सीनियर टीम पर बोझ कम होता है और जूनियर टीम को ज्यादा जिम्मेदारी मिलती है.

कॉग्निजेंट के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर जतिन दलाल ने भी 2026 की हायरिंग योजना की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि कंपनी को उम्मीद है कि अगले साल ग्रेजुएट हायरिंग में करीब 20 प्रतिशत की ग्रोथ देखने को मिलेगी. उनके मुताबिक 2025 में 20 हजार ग्रेजुएट्स को हायर किया गया था और 2026 में यह संख्या बढ़कर 24 से 25 हजार तक पहुंच सकती है. कंपनी इस ग्रोथ को लेकर काफी सकारात्मक है.

 युवाओं के लिए सुनहरा मौका

कॉग्निजेंट का यह फैसला उन युवाओं के लिए बेहद अहम है जो आईटी सेक्टर में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं. AI के डर के बीच यह साफ संकेत है कि स्किल्स सीखने और खुद को अपग्रेड करने वाले युवाओं के लिए मौके अभी भी मौजूद हैं.

कंपनी का मानना है कि सही ट्रेनिंग और AI टूल्स के साथ नए कर्मचारी कम समय में ज्यादा वैल्यू क्रिएट कर सकते हैं. इससे न सिर्फ कंपनी को फायदा होता है बल्कि कर्मचारियों के करियर ग्रोथ के रास्ते भी खुलते हैं.