नई दिल्ली: अमेरिका की टेक कंपनी Apple ने अपने सालाना इवेंट WWDC 2026 का ऐलान कर दिया है. सबसे पहले ये जान लेते हैं कि WWDC है क्या. इसका मतलब है Worldwide Developers Conference. यह इवेंट पांच दिनों का होगा. इस दौरान एप्पल अपने सभी नए सॉफ्टवेयर अपडेट डेवलपर्स और पूरी दुनिया को दिखाएगा.
कब आयोजित होगा यह ईवेंट: बता दें कि इस साल WWDC 2026 सोमवार 8 जून से शुक्रवार 12 जून तक चलेगा. पिछले साल की तरह, इस इवेंट का ज्यादातर हिस्सा ऑनलाइन होगा, जिससे दुनिया भर के डेवलपर्स इसमें मुफ्त में शामिल हो सकें.
इस इवेंट के पहले दिन एप्पल के सीईओ टिम कुक मुख्य भाषण देंगे. इस भाषण में, Apple से उम्मीद की जा रही है कि वह अपने सॉफ्टवेयर के अगले बड़े अपडेट्स के बारे में जानकारी देगा, जिसमें खासतौर से iPhones के लिए iOS 27 शामिल होगा. इसके साथ ही iPadOS, macOS, watchOS, tvOS और दूसरे प्लेटफॉर्म्स के नए वर्जन्स भी दिखाएंगे.
Apple ने बताया कि इस इवेंट में नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फीचर्स और डेवलपर्स के लिए बेहतर टूल्स पर खास जोर दिया जाएगा. पिछले साल Apple इंटेलिजेंस फीचर्स को लॉन्च करने में कंपनी से कुछ देरी हो गई थी. इस बार कंपनी कुछ बेहतर करने पर काम कर रही है. इसके बाद, इस बार कंपनी से बड़े सुधार दिखाने की उम्मीद है, जिसमें Siri का एक ज्यादा स्मार्ट वर्जन भी शामिल है.
इस पूरे हफ्ते के दौरान, Apple 100 से ज्यादा टेक्निकल सेशंस, ऑनलाइन लैब्स और आमने-सामने की मीटिंग्स आयोजित करेगा, जहां डेवलपर्स सीधे Apple के इंजीनियर्स और डिजाइनर्स से बात कर सकेंगे. यह सब एप्पल डेवलपर वेबसाइट, एप्पल डेवलपर ऐप और YouTube पर देखने के लिए उपलब्ध होगा.
8 जून को Apple अपने हेडक्वार्टर, क्यूपर्टिनो में स्थित एप्पल पार्क में एक खास इन-पर्सन इवेंट आयोजित किया जाएगा. इसमें केवल Swift Student Challenge के चुने हुए विजेताओं को ही बुलाया जाएगा. बता दें कि Apple इस स्टूडेंट कोडिंग चैलेंज के विजेताओं के नामों का ऐलान 26 मार्च को करेगा. टॉप 50 स्टूडेंट्स को एप्पल पार्क में पूरे तीन दिन बिताने का मौका मिलेगा.