नई दिल्ली: गर्मियों में घर के अंदर गर्माहट को मात देने के लिए कई गैजेट्स की जरूरत होती है, जिससे बिजली का बिल काफी ज्यादा बढ़ जाता है. पूरे दिन पंखे और एयर कंडीशनर चलाने से आपका बिजली का बिल बहुत ज्यादा आ सकता है, लेकिन आपको ठंडा रहने के लिए बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है. अगर आप कुछ आसान टिप्स को फॉलो करते हैं या फिर कुछ आदतों को बदल लेते हैं, तो बिल आसानी से कम हो जाएगा.
यहां हम आपको कुछ ऐसी ही टिप्स के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें फॉलो कर आप गर्मी में घर को ठंडा भी रख पाएंगे और आपका बिजली का बिल भी ज्यादा नहीं आएगा.
एयर कंडीशनर गर्मियों में सबसे ज्यादा बिजली इस्तेमाल करते हैं. टेम्परेचर को 18°C के बजाय 24°C और 26°C के बीच सेट करें. जब भी टेम्प्रेचर को 1 डिग्री बढ़ाते हैं तो लगभग 6% बिजली बच सकती है. ठंडी हवा तेजी से फैलाने के लिए AC के साथ सीलिंग फैन का इस्तेमाल करें, कम स्पीड पर. इससे आप AC की ठंडक पूरे कमरे में सामान रूप से फैलेगी.
अगर एसी के फिल्टर गंदे होते हैं तो मशीन को कमरा ठंडा करने में ज्यादा मेहनत लगती है. इससे बिजली का बिल भी ज्यादा आता है. ऐसे में इसे समय-समय पर साफ करना जरूर हो जाता है.
कई बार टीवी, चार्जर, माइक्रोवेव और सेट-टॉप बॉक्स जैसे कई गैजेट बिना जरूरत भी चलते रहते हैं. इन्हें हमेशा अनप्लग करें या ऑन/ऑफ स्विच वाली पावर स्ट्रिप का इस्तेमाल करें.
रेफ्रिजरेटर 24 घंटे चलते हैं, इसलिए छोटी-छोटी आदतें बड़ा फर्क लाती हैं. इसे दीवार से कम से कम 6 इंच दूर रखें जिससे गर्मी पीछे से निकल सके. अगर आपके फ्रिज में समर मोड सेटिंग है, तो उसे समर मोड पर स्विच करें. इससे बिजली बचाने में मदद मिलती है. फ्रिज का दरवाजा बार-बार न खोलें या गर्म खाना तुरंत अंदर न रखें.
पुराने फिलामेंट बल्ब और ट्यूबलाइट बिजली बहुत ज्यादा खर्च करते हैं. इस तरह के बल्ब्स को LED बल्ब से बदलें. LED बहुत कम बिजली इस्तेमाल करते हैं, ज्यादा चलते हैं, और ज्यादा तेज रोशनी देते हैं.