Haridwar Harsh Firing: हरिद्वार में शादी की मस्ती में फायरिंग करना पड़ा भारी, छत पर खड़ी 5 साल की मासूम बच्ची को लगी गोली

Haridwar Harsh Firing: हरिद्वार के शिवगढ़ गांव में एक शादी में हर्ष फायरिंग के दौरान 5 साल की बच्ची को गोली लग गई. घुड़चढ़ी के दौरान दूल्हे के जीजा ने लाइसेंसी पिस्टल से फायर किया था, जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई.

social media
Anvi Shukla

Haridwar Harsh Firing: हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र स्थित शिवगढ़ गांव में एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब हर्ष फायरिंग के दौरान एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची को गोली लग गई. घायल बच्ची को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

जानकारी के अनुसार, शिवगढ़ निवासी मोहित पुत्र जनेश्वर की शादी की रस्में चल रही थीं. घुड़चढ़ी के दौरान दूल्हे के जीजा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग कर दी. इसी दौरान एक गोली छत पर खड़ी भीड़ की ओर चली गई और वहीं मौजूद 5 साल की भूभीका पुत्री चंद्रपाल को जा लगी.

पुलिस ने घायल बच्ची को पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही पथरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को तुरंत रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 'बच्ची की हालत नाजुक है और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है.'

घटना के बाद आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

फायरिंग के आरोपी युवक, जो दूल्हे का जीजा बताया जा रहा है, घटना के बाद से फरार है. पुलिस ने कई टीमों का गठन कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. फिलहाल इस मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर जांच में जुटी हुई है.

गांव में फैली सनसनी, शादी की खुशियां फीकी पड़ीं

घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है. जहां एक ओर शादी की धूम थी, वहीं दूसरी ओर मासूम बच्ची की गंभीर हालत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. ग्रामीणों में भी इस लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है.