menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार; इन 7 जिलों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग के मुताबिक आज उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाली है. पहाड़ी इलकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार; इन 7 जिलों में अलर्ट जारी
Courtesy: ANI

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई पर्वतीय जिलों में बारिश, गरज-चमक और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम सक्रिय बना रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.

मौसम विभाग के अनुसार 12 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इसके अलावा 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना है. राज्य के अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम बदलने के संकेत हैं.

अगले कुछ दिनों में तापमान में आएगी कमी

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. बारिश और बादलों की सक्रियता के चलते पूरे उत्तराखंड में अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है.

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर बना रहा. हरिद्वार जिले के रुड़की में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं पर्वतीय इलाकों में ठंडक बनी रही और रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

देहरादून समेत 7 जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है. इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना है. इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं. वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं. पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की इस गतिविधि को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.