menu-icon
India Daily

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बारिश का कहर, देहरादून समेत 4 जिलों में अलर्ट जारी

उत्तराखंड में मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है. देहरादून समेत चार जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बारिश का कहर, देहरादून समेत 4 जिलों में अलर्ट जारी
Courtesy: Pinterest (Representative image)

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार के लिए देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं प्रदेश के अन्य कई जिलों में भी भारी बारिश, गरज चमक और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है.

शुक्रवार को राजधानी देहरादून में दिनभर उमस और धूप के बाद मौसम ने अचानक करवट ली. दोपहर बाद घने बादल छा गए और शाम करीब चार बजे तेज बारिश शुरू हो गई. करीब डेढ़ घंटे तक हुई मूसलधार बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई. बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से राहत मिली.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग के अनुसार हाथीबड़कला क्षेत्र में सबसे अधिक 69 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा जौलीग्रांट में 65 मिलीमीटर, मालदेवता में 49 मिलीमीटर, मोहकमपुर में 41 मिलीमीटर, देहरादून शहर में 32.5 मिलीमीटर, लक्सर में 28 मिलीमीटर और विकासनगर में 21 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई.

मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं. देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र बारिश के दौर आने की संभावना है.

अन्य जिलों में कैसी होगी स्थिति?

वहीं रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में भी तेज बारिश, गर्जना और बिजली चमकने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी नालों के आसपास सतर्क रहने की अपील की है.

शुक्रवार की बारिश ने राजधानी देहरादून की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी. कई प्रमुख सड़कें और चौराहे पानी में डूब गए. नालियां ओवरफ्लो होने से बारिश का पानी सड़कों पर बहने लगा और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

कैसी है वहां की स्थिति?

लैंसडाउन चौक से बुद्धा चौक, पंत रोड, दून अस्पताल चौक, कचहरी रोड, गांधी रोड, प्रिंस चौक और रेलवे स्टेशन समेत कई इलाकों में जलभराव देखा गया. दुपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी दिक्कत हुई. प्रिंस चौक पर नगर निगम ने पंपसेट लगाकर पानी निकालने का प्रयास किया. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है.