menu-icon
India Daily

UP Weather: यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, इन जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट; अगले सात दिन बरसेंगे बादल

उत्तर प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने 31 जिलों में भारी बारिश और पूरे प्रदेश में मेघगर्जन तथा वज्रपात की चेतावनी जारी की है. अगले सात दिनों तक कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
UP Weather: यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, इन जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट; अगले सात दिन बरसेंगे बादल
Courtesy: Chatgpt

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने शनिवार 18 जुलाई के लिए प्रदेश के 31 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. इसके साथ ही पूरे राज्य में मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई से 21 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है.

शुक्रवार को गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी समेत प्रदेश के 10 शहरों में झमाझम बारिश दर्ज की गई. बारिश के बाद कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार और सोमवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा.

मौसम वैज्ञानिकों ने क्या बताया?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं. अगले 24 घंटे के दौरान यह सिस्टम पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है. इसके अलावा भूमध्य रेखा के पास सक्रिय हो रहे नए मौसम तंत्र से भी मानसून को मजबूती मिलने की संभावना है. इसी वजह से अगले सात दिनों तक प्रदेश में व्यापक बारिश का अनुमान लगाया गया है.

किस जिले में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने शनिवार को जिन 31 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है उनमें बिजनौर, मुरादाबाद, सहारनपुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बस्ती, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, संत कबीर नगर, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, सोनभद्र और चंदौली शामिल हैं.

इन जिलों के अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों पर बिजली चमकने के समय नहीं रुकने और नदी नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.

कितना है जलस्तर?

लगातार हो रही बारिश का असर प्रदेश की नदियों पर भी दिखाई दे रहा है. बलिया और बाराबंकी में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जबकि बिजनौर में मलान नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है. प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की अपील की है.