menu-icon
India Daily

पहाड़ से मैदान तक बरस रहे बादल, उत्तरकाशी-हरिद्वार सहित 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; पिथौरागढ़ के स्कूल बंद

उत्तराखंड में शनिवार को आठ जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. उत्तरकाशी, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश की संभावना है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
पहाड़ से मैदान तक बरस रहे बादल, उत्तरकाशी-हरिद्वार सहित 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; पिथौरागढ़ के स्कूल बंद
Courtesy: Pinterest

देहरादून: उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर लगातार जारी है. कई इलाकों में रिमझिम बारिश हो रही है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बौछारें भी पड़ रही हैं. बारिश के कारण ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक कम बना हुआ है. मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तरकाशी, देहरादून, हरिद्वार समेत आठ जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राज्य के सभी जिलों में ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज के साथ तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं. 

अन्य जिलों में कैसी है स्थिति?

उत्तरकाशी, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है. इन जिलों के अलावा पूरे प्रदेश में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और बारिश का दौर तेज से अति तेज होने की संभावना भी जताई गई है.

मौसम विभाग का क्या है कहना?

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन से चार दिन तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. हालांकि मंगलवार के बाद बारिश में कमी आने और लोगों को राहत मिलने के आसार हैं. इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कों पर मलबा आने की समस्या बढ़ सकती है. ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

पिथौरागढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है. रात से जारी बारिश के चलते जिले में 21 मार्ग बंद हो गए हैं. बारिश और सड़कें बंद होने के कारण प्रशासन ने शनिवार को जिले के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है. प्रशासन की ओर से लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है.

बागेश्वर में कैसी है स्थिति?

बागेश्वर में भी रात के समय तेज बारिश हुई. बारिश के कारण सरयू और गोमती नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. जिले में आठ सड़कें आवागमन के लिए बंद हैं. प्रशासन और संबंधित विभाग बंद मार्गों को खोलने के प्रयास में जुटे हैं.

नैनीताल में भी बीती रात रिमझिम बारिश हुई. फिलहाल बारिश का दौर थम गया है, लेकिन झील से पानी की निकासी जारी है. देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में भी शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर रिमझिम बारिश के साथ बौछारें पड़ीं.

मौसम विभाग ने भारी बारिश के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. नदी नालों और संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों से दूरी बनाए रखना जरूरी है. अगले कुछ दिनों तक बारिश के कारण सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी रह सकती है.