menu-icon
India Daily

Uttarakhand Weather: पहाड़ों पर बढ़ा भूस्खलन का डर, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; IMD ने जारी की चेतावनी

25 जुलाई को उत्तराखंड के सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा. मौसम विभाग ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Uttarakhand Weather: पहाड़ों पर बढ़ा भूस्खलन का डर, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; IMD ने जारी की चेतावनी
Courtesy: Chatgpt (Representative image)

देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 25 जुलाई के लिए राज्य के सात जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और चमोली में कई स्थानों पर तेज बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं, जिससे भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है. वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.

मौसम विभाग के अनुसार 25 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कई क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. पर्वतीय जिलों में यात्रा करने वाले लोगों और चारधाम यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. प्रशासन को भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है.

देहरादून में कैसा रहेगा मौसम?

देहरादून में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश के एक या दो दौर पड़ सकते हैं. कुछ इलाकों में बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है. राजधानी में अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश के बाद उमस में कमी आने और मौसम सुहावना होने की संभावना है.

कितना है तापमान?

कुमाऊं मंडल के नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है. मुक्तेश्वर में पिछले 24 घंटों के दौरान तेज हवाएं दर्ज की गईं और न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा. कोसियाकुटौली और पंतनगर सहित कई क्षेत्रों में तेज हवा और गरज चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है. उधम सिंह नगर में भी बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.

गढ़वाल मंडल के चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी और पौड़ी में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. चारधाम यात्रा मार्ग पर फिसलन और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. मौसम विभाग ने यात्रियों से नदी नालों से दूर रहने और यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की अपील की है. पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में भी आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

बीते 24 घंटों में रुड़की में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि आज होने वाली बारिश से मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के अनुसार 26 से 30 जुलाई के बीच भी मानसून सक्रिय रहेगा और 28 जुलाई तक कई इलाकों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है. ऐसे में लोगों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है.