menu-icon
India Daily

फिदायीन हमला करने को तैयार था सलाउद्दीन? उत्तराखंड में पकड़े गए युवक का पाकिस्तान कनेक्शन

उत्तराखंड के गदरपुर में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ा सफलता मिली है. एसटीएफ ने मो. सलाउद्दीन नामक युवक को राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
फिदायीन हमला करने को तैयार था सलाउद्दीन? उत्तराखंड में पकड़े गए युवक का पाकिस्तान कनेक्शन
Courtesy: Pinterest

उत्तराखंड के गदरपुर में सुरक्षा एजेंसियों ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है. एसटीएफ ने मो. सलाउद्दीन नाम के युवक को राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया है. वह फिदायीन हमले की तैयारी कर रहा था और युवाओं को ब्रेनवॉश करके कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने का काम कर रहा था. उसके पाकिस्तान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच अब तेज हो गई है. गदरपुर के मझराशीला इलाके में रहने वाला सलाउद्दीन एक संपन्न परिवार से ताल्लुक रखता है. उसके पिता वन निगम के लाइसेंस पर लकड़ी का कारोबार करते हैं. लेकिन इस युवक ने सोशल मीडिया के जरिए देश विरोधी गतिविधियों में कदम रख लिया था. एसटीएफ की टीम को गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर बुधवार को उसे हिरासत में लिया गया. पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो रहे हैं. 

हथियार और विस्फोटक बरामद

एसटीएफ ने सलाउद्दीन की निशानदेही पर एक इंग्लिश पिस्टल, पांच कारतूस, चार डेटोनेटर और दो एके-47 कारतूस बरामद किए हैं. आरोपी फिदायीन हमले की तैयारी में था और खुद को मानव बम बनाने के लिए तैयार कर रहा था. वह रोज सुबह दौड़ लगाकर खुद को फिट रखता था.

पाकिस्तान कनेक्शन की जांच

सलाउद्दीन मलेशिया में रहने वाले कथित हैंडलर अर्शलीन के संपर्क में था, जिसके पाकिस्तान से संबंध बताए जा रहे हैं. सोशल मीडिया पर टेलीग्राम और सिग्नल ऐप के जरिए वह संदिग्ध ग्रुपों से जुड़ा हुआ था. उसने कुछ चैट्स डिलीट भी कर दी थीं. एसटीएफ और अन्य एजेंसियां उसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहराई जांच रही हैं.

रामपुर लिंक और ब्रेनवॉशिंग

आरोपी रामपुर (उत्तर प्रदेश) के एक व्यक्ति के संपर्क में भी था, जिसके जरिए हथियार और सामग्री पहुंचने की आशंका है. एसटीएफ ने उस व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है. सलाउद्दीन युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहा था. 

परिवार और इलाके में सनसनी

परिवार क्षेत्र में जाना-पहचाना है, लेकिन इस गिरफ्तारी ने सबको चौंका दिया है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है. सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं.