menu-icon
India Daily

'आयुष्मान भारत विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य...' CM पुष्कर सिंह धामी ने गिनाईं केंद्र और उत्तराखंड सरकार की प्रमुख उपलब्धियां

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक और ऐतिहासिक परिवर्तन देखने को मिले हैं.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
'आयुष्मान भारत विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य...' CM पुष्कर सिंह धामी ने गिनाईं केंद्र और उत्तराखंड सरकार की प्रमुख उपलब्धियां
Courtesy: ANI

विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं किसी भी विकसित राष्ट्र की पहचान होती हैं और पिछले कुछ वर्षों में भारत ने इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है. स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने से लेकर गरीबों को मुफ्त और कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने तक कई ऐसी योजनाएं लागू की गई हैं, जिन्होंने करोड़ों लोगों के जीवन को प्रभावित किया है. इसी क्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश और राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों को लेकर अपनी बात रखी है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक और ऐतिहासिक परिवर्तन देखने को मिले हैं. उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, नए एम्स और मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार, जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती दवाओं की उपलब्धता और डिजिटल हेल्थ मिशन जैसे प्रयासों ने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाया है.

आयुष्मान भारत से लाखों परिवारों को राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं में से एक है. इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए कैशलेस सुविधा मिल रही है. इससे लाखों लोगों का इलाज आसान हुआ है और स्वास्थ्य खर्च का बोझ कम हुआ है.

स्वास्थ्य अवसंरचना को मिली मजबूती

देशभर में नए मेडिकल कॉलेजों और एम्स संस्थानों की स्थापना ने चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है. आधुनिक अस्पतालों और उन्नत चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध हो रहा है. साथ ही डिजिटल हेल्थ मिशन ने स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़कर उन्हें अधिक पारदर्शी और सुगम बनाया है.

उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

सीएम धामी ने बताया कि राज्य सरकार भी प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य विजन को जमीन पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है. विशेष रूप से दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है.

अस्पतालों को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने के प्रयास जारी हैं. साथ ही सरकार का लक्ष्य है कि राज्य का कोई भी पात्र व्यक्ति स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं से वंचित न रहे.