menu-icon
India Daily

खटीमा में सीएम धामी का शक्ति प्रदर्शन, योजनाओं और विकास कार्यों का पेश किया रिपोर्ट कार्ड

खटीमा के बग्घा चौवन में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने जनकल्याण, विकास योजनाओं और उत्तराखंड में हुए बदलावों पर जोर दिया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
खटीमा में सीएम धामी का शक्ति प्रदर्शन, योजनाओं और विकास कार्यों का पेश किया रिपोर्ट कार्ड
Courtesy: x

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के बग्घा चौवन में आयोजित विशेष जनसंपर्क अभियान में भाग लेते हुए केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को जनसेवा और विकास का दौर बताया. कार्यक्रम में उनका पारंपरिक छोलिया और थारू सांस्कृतिक नृत्य के साथ स्वागत किया गया. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने देश और प्रदेश दोनों के विकास को नई गति दी है.

जनकल्याण योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में कई ऐसी योजनाएं शुरू हुईं जिनका सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचा. उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. साथ ही स्वच्छ भारत अभियान और उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इन पहलों ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है.

आयुष्मान भारत योजना का किया जिक्र

धामी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं. उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में पात्र नागरिकों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है. कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कठिन समय में गरीब कल्याण अन्न योजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाई गई और किसी को भूखा नहीं रहने दिया गया.

उत्तराखंड में बदलाव की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से राज्य सरकार ने कई अहम फैसले लिए हैं. उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल विरोधी कानून को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उनके अनुसार इस कानून के बाद नकल माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई और युवाओं का विश्वास सरकारी भर्ती प्रक्रिया में बढ़ा है.

33 हजार से अधिक युवाओं को दी सरकारी नौकरी

धामी ने कहा कि राज्य में अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं. उन्होंने बग्घा चौवन क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और भरोसा दिलाया कि मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास जारी रहेंगे. कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे.