सोमवती अमावस्या स्नान से 2 दिन पहले ही हरिद्वार में श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरी धर्मनगरी श्रद्धालुओं से भर गई. वीकेंड और चारधाम यात्रा सीजन के चलते दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा समेत कई राज्यों से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे. बढ़ती भीड़ के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर शहर की आंतरिक सड़कों तक लंबा जाम लग गया और यातायात व्यवस्था पूरी तरह दबाव में नजर आई. हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी. शाम तक हालात ऐसे हो गए कि प्रमुख घाटों, मंदिरों और पार्किंग स्थलों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची.
हाईवे पर बढ़ते जाम से बचने के लिए हजारों वाहन चालकों ने शहर के अंदरूनी रास्तों का रुख कर लिया. सिंहद्वार, प्रेमनगर आश्रम और शंकराचार्य चौक से होकर बड़ी संख्या में वाहन हरिद्वार और कनखल क्षेत्र में पहुंचे. इसके कारण मध्य हरिद्वार से लेकर उत्तरी हरिद्वार तक यातायात व्यवस्था चरमरा गई. ऋषिकुल तिराहा, देवपुरा, मायापुर, हिल बाइपास, भूपतवाला, कनखल, दादूबाग और पहाड़ी बाजार जैसे इलाकों में घंटों जाम की स्थिति बनी रही. स्थानीय लोगों को भी अपने दैनिक कार्यों के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
हरकी पैड़ी सहित सभी प्रमुख घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भरे रहे. सुभाष घाट, कुशावर्त घाट, बिरला घाट और अलकनंदा घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा अर्चना के लिए पहुंचे. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार सक्रिय रहा. घाटों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो. गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं का रुख प्रमुख मंदिरों की ओर रहा. मनसा देवी, चंडी देवी और माया देवी मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं. कई श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा. भीड़ बढ़ने पर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं लागू कीं. श्रद्धालुओं को अलग-अलग मार्गों से आने और जाने की सलाह दी गई ताकि किसी एक स्थान पर अत्यधिक भीड़ न जुटे.
भीड़ बढ़ने का एक बड़ा कारण पार्किंग स्थलों की सीमित क्षमता भी रही. हरकी पैड़ी क्षेत्र के पास स्थित पंतद्वीप और रोड़ी बेलवाला पार्किंग सुबह नौ बजे तक पूरी तरह भर गईं. पार्किंग फुल होने के बाद बाहरी राज्यों से आए वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्गों और शहर की आंतरिक सड़कों का उपयोग करना शुरू कर दिया. इससे पहले से व्यस्त सड़कों पर यातायात का दबाव और बढ़ गया.
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पूरे शहर का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए. एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी और अन्य अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के प्रयास किए. हरकी पैड़ी क्षेत्र में पुलिस कर्मियों ने लाउड हेलर के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार निर्देश दिए और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया.