पंजाब में पिछले कई दिनों से मौसम को प्रभावित कर रहा पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ चुका है. इसके चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य होने लगा है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 14 जून से पंजाब में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि कुछ जिलों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं और कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. राज्य के लोगों के लिए राहत की बात यह है कि फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं है. हालांकि आने वाले दिनों में तेज धूप और उमस बढ़ने से गर्मी का असर फिर महसूस किया जा सकता है.
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 13 जून को पंजाब के अधिकतम तापमान में औसतन 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. राज्य का तापमान सामान्य से लगभग 8.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम के लिहाज से राहत देने वाला माना जा रहा है. फरीदकोट राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा बठिंडा में 35 डिग्री और फाजिल्का में 34 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं सबसे कम अधिकतम तापमान होशियारपुर में 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
हाल ही में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई. रूपनगर जिले के श्री आनंदपुर साहिब में 7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई. इसके अलावा भाखड़ा बांध क्षेत्र में 5.5 मिमी और नंगल में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. चंडीगढ़ में भी हल्की वर्षा हुई, जहां 0.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि तापमान में आई गिरावट का मुख्य कारण यही पश्चिमी विक्षोभ रहा है, जिसने प्रदेश के मौसम को कुछ दिनों के लिए सुहावना बना दिया.
मौसम विभाग के अनुसार फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, बरनाला, मोगा, फरीदकोट और फिरोजपुर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. वहीं अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, संगरूर और पटियाला में मौसम सामान्य रहने की संभावना है.