menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में बारिश से हाहाकार, पहाड़ दरके और सड़कें धंसी; आज भी चेतावनी

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने पहाड़ से लेकर मैदान तक जनजीवन प्रभावित कर दिया है. भूस्खलन, भू-धंसाव और नदियों के उफान से कई सड़कें बंद हैं. मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
उत्तराखंड में बारिश से हाहाकार, पहाड़ दरके और सड़कें धंसी; आज भी चेतावनी
Courtesy: ANI

उत्तराखंड के हरिद्वार में मंगलवार को मनसा देवी की पहाड़ी से चट्टान और मलबा गिरने के बाद भीमगोड़ा क्षेत्र में अफरातफरी मच गई. मलबा गिरने से कुंड को खेमानंद मार्ग से जोड़ने वाला रास्ता बंद हो गया. देर शाम तक लोक निर्माण विभाग की टीम सड़क से मलबा हटाने में जुटी रही. पथरी के सुगरासा में रो नदी पर बना रपटा भी पानी के तेज बहाव में बह गया, जिससे चारपहिया वाहनों की आवाजाही रुक गई.

चकराता-त्यूणी-मसूरी राजमार्ग पर सिविल कोर्ट चकराता और चिरमिरी के बीच भूस्खलन होने से यातायात बाधित हुआ. उत्तरकाशी में नौगांव-पौंटी-राजगढ़ी मार्ग पर पौंटी पुल के पास जमीन धंसने से आवाजाही बंद है. यमुनोत्री राजमार्ग पर पालीगाड़ से जानकीचट्टी के बीच भी बार-बार रास्ता बंद हो रहा है. 

150 से ज्यादा सड़कें बंद, 48 को खोला गया

राज्य में मंगलवार सुबह तक 150 से अधिक सड़कें बंद थीं. हालांकि अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक बाद में 48 सड़कों को फिर खोला गया. लगातार बारिश के कारण मलबा हटाने और सड़कों को खोलने का काम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है. अधिकारियों के मुताबिक बरसात के दौरान अब तक राज्य की सड़कों को 215 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंच चुका है.

मौसम विभाग के अनुसार आज भी टिहरी, देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली और बागेश्वर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. टिहरी और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. पिथौरागढ़ में धारचूला-गुंजी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से मानसरोवर यात्रा के दसवें दल को भी कई घंटे इंतजार करना पड़ा.

 नदियों और निचले इलाकों में सतर्कता के निर्देश

 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी-नालों और निचले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं. प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री, राशन और दवाइयों की आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा गया है. देहरादून में ओल्ड मसूरी रोड का कुठालगेट के पास एक हिस्सा धंसने से यातायात प्रभावित हुआ है.