menu-icon
India Daily

मानसून हुआ सुपर एक्टिव, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; तेज हवाएं चलने की चेतावनी

देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता बढ़ गई है. मौसम विभाग ने 12 अगस्त को दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
मानसून हुआ सुपर एक्टिव, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; तेज हवाएं चलने की चेतावनी
Courtesy: ANI

देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक्टिव है. मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा दिल्ली, यूपी,  हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश हो सकती है.

मौसम  विभाग ने छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, त्रिपुरा और नागालैंड में भी कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. बारिश के साथ कई क्षेत्रों में तेज हवाएं और आंधी परेशानी बढ़ा सकती है.

दिल्ली-NCR में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

राजधानी दिल्ली में 12 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. बारिश के साथ आंधी आने की भी आशंका है. इस दौरान हवाएं करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश के कानपुर, मिर्जापुर, नोएडा, गोरखपुर, आगरा, मथुरा, प्रयागराज, सोनभद्र, अलीगढ़ और चंदौली में आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी है. इन इलाकों में हवाएं 65 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ सकती हैं.

बिहार समेत इन राज्यों में आंधी-बारिश का दौर

बिहार में पटना के अलावा बक्सर, मधुबनी, वैशाली, सिवान, भोजपुर, चंपारण, गया, किशनगंज और बेगूसराय समेत कई जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक की हवाएं चल सकती हैं. पटना में तापमान 36 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, कटनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, खंडवा, श्योपुर और पन्ना में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है. वहीं राजस्थान में जयपुर, कोटा, उदयपुर, भीलवाड़ा और बारां में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. 

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बिगड़ने के आसार

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, मंडी, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, चंबा और बिलासपुर में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं  उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, चंपावत और बागेश्वर में तेज बारिश और आंधी का खतरा है.