देहरादून: उत्तरखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित सचिवालय संघ की कार्यकारिणी समिति के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया. इस अवसर पर उन्होंने सचिवालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका को राज्य के विकास और सुशासन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया.
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि सचिवालय केवल ईंट, पत्थर और सीमेंट से बनी एक इमारत नहीं है, बल्कि यह राज्य की शासन व्यवस्था की आत्मा है. उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास सरकार की कार्यप्रणाली से जुड़ा होता है और सचिवालय उस विश्वास को मजबूत करने का सबसे बड़ा माध्यम है.
#WATCH | Dehradun: Uttarakhand Chief Minister Pushkar Singh Dhami says, "I believe that the Secretariat is not just a building made of bricks, stones, and cement; it is the very soul of our governance system. It is the greatest centre of public trust, because all the government's… https://t.co/Y9PT2XqB0C pic.twitter.com/AsJjZcMJFy
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) June 17, 2026Also Read
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सभी योजनाएं और नीतियां सचिवालय में तैयार होती हैं. इन नीतियों को दस्तावेजी स्वरूप देने और उन्हें धरातल तक पहुंचाने में सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारियों की अहम भूमिका होती है. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तंत्र की सफलता काफी हद तक कर्मचारियों की कार्यकुशलता और समर्पण पर निर्भर करती है.
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सचिवालय में कार्य करने वाला प्रत्येक कर्मचारी केवल प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा नहीं है, बल्कि वह उत्तराखंड के निर्माण और विकास यात्रा का भी महत्वपूर्ण सहभागी है. उन्होंने कर्मचारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी शासन व्यवस्था के लिए निरंतर कार्य कर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी अपनी प्रतिबद्धता तथा मेहनत से उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे.