देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की प्राकृतिक संपदा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों से विशेष अपील की है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की हिमालयी पारिस्थितिकी, जैव विविधता, प्राकृतिक वन संपदा और मनमोहक वादियां राज्य की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक और पर्यटक की भी महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने लोगों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का आग्रह किया ताकि आने वाली पीढियां भी उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकें.
सीएम धामी ने लोगों से "गार्डियंस ऑफ द वैली प्लेज" अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि यह जनभागीदारी आधारित पहल पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुडकर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए.
उत्तराखंड की अनुपम प्राकृतिक धरोहर, हिमालयी पारिस्थितिकी, जैव विविधता तथा सुरम्य वादियाँ हमारी अमूल्य विरासत हैं। इन प्राकृतिक संपदाओं का संरक्षण प्रत्येक नागरिक एवं पर्यटक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 17, 2026
आइये हम सभी “Guardians of the Valley Pledge” का हिस्सा बने और प्रकृति के प्रति… pic.twitter.com/czBRl8s9DY
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं. स्वच्छता बनाए रखना, प्राकृतिक संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग करना और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना राज्य की पारिस्थितिकी को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है.
धामी ने लोगों से अपील की कि वे ऑनलाइन मंच के माध्यम से अपनी पर्यावरण संरक्षण की प्रतिज्ञा दर्ज करें और इस अभियान को जन आंदोलन बनाने में सहयोग दें. उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है.