menu-icon
India Daily

ऋषिकेश में बड़ा हादसा, साईं घाट पर गंगा की तेज धारा में बहा नोएडा का युवक

ऋषिकेश के साईं घाट पर गंगा स्नान के दौरान नोएडा के 20 वर्षीय युवक शौर्य नागर तेज बहाव में बह गया. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस ने संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया. युवक की तलाश जारी है.

KanhaiyaaZee
ऋषिकेश में बड़ा हादसा, साईं घाट पर गंगा की तेज धारा में बहा नोएडा का युवक
Courtesy: Social Media

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र स्थित साईं घाट पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. नोएडा से दोस्तों के साथ घूमने आए एक युवक को गंगा में स्नान के दौरान तेज धारा बहाकर ले गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक नदी में तैरने की कोशिश कर रहा था, तभी वह गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया.

जानकारी के अनुसार दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से सात युवकों का एक समूह ऋषिकेश भ्रमण के लिए पहुंचा था. सभी दोस्त तपोवन क्षेत्र स्थित साईं घाट पर गंगा स्नान करने गए थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया, जिससे समूह में मौजूद अन्य युवक भी घबरा गए.

तैरने के दौरान हुआ हादसा

बताया गया कि गौतमबुद्ध नगर के बिसरख जलालपुर निवासी 20 वर्षीय शौर्य नागर गंगा में तैरने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान वह नदी के तेज बहाव और अधिक गहराई वाले हिस्से में पहुंच गया. कुछ ही क्षणों में वह धारा के साथ बहता चला गया.

देखते ही देखते हुआ ओझल

घाट पर मौजूद लोगों ने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक कुछ देर तक पानी में दिखाई दिया, लेकिन जल्द ही नजरों से ओझल हो गया. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.

एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ढालवाला की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची. एसडीआरएफ निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि स्थानीय पुलिस, प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से जानकारी जुटाकर सर्च अभियान शुरू किया गया है.

तलाशी अभियान जारी

रेस्क्यू टीम गंगा किनारे विभिन्न घाटों और संभावित स्थानों पर युवक की तलाश कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि खोज अभियान लगातार जारी है और युवक का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और अभियान की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं.