राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जाली नोट नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार के रुड़की से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया. आरोपी सहारनपुर से भागकर यहां छिपा हुआ था. यह छापेमारी एनएसए अजीत डोभाल के कार्यक्रम स्थल से महज 3 किलोमीटर दूर की गई.
यह कार्रवाई सहारनपुर के सोफिया मार्केट स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट में मिले लगभग 17.29 करोड़ रुपए मूल्य के जाली नोटों से जुड़ी है. इस मामले के तार यूपी और उत्तराखंड दोनों राज्यों से जुड़ रहे हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड के सभी बैंकों की करेंसी चेस्ट की सघन जांच की जा रही है. जांच अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि बैंक का कोई कर्मचारी या अधिकारी इस फर्जीवाड़े में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे.