देहरादून: मसूरी घूमने आए दिल्ली के एक युवा पर्यटक के साथ गुरुवार तड़के ऐसा हादसा हुआ, जिसने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. गांधी लाइब्रेरी चौक के पास बैंड स्टैंड स्थित व्यूप्वाइंट से गिरने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है. सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 4:55 बजे लाइब्रेरी चौकी को अरशद नाम के व्यक्ति ने घटना की सूचना दी. उसने बताया कि व्यूप्वाइंट के पास एक युवक नीचे गिर गया है. खबर मिलते ही रात्रि अधिकारी और चीता पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घायल युवक की पहचान शिवम पुत्र अजय, निवासी भोगल, नई दिल्ली के रूप में हुई. पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया.
पुलिस को सूचना देने वाले अरशद ने बताया कि वह सुबह लाइब्रेरी चौक की तरफ जा रहा था. इसी दौरान उसने व्यूप्वाइंट की रेलिंग के दूसरी ओर एक युवक को खड़े देखा. वह अपनी स्कूटी किनारे खड़ी कर ही रहा था कि अचानक नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचा तो युवक नीचे घायल अवस्था में पड़ा था. इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायल शिवम को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल मसूरी भेजा. वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के स्वजन से संपर्क किया और उन्हें घटना की जानकारी दी.
मृतक की पहचान शिवम के रूप में हुई है, जो नई दिल्ली के भोगल का निवासी था. वह मसूरी घूमने आया था. हादसा गांधी लाइब्रेरी चौक के पास बैंड स्टैंड स्थित व्यूप्वाइंट पर हुआ. घटना के बाद पुलिस ने मौके से जुड़ी जानकारी जुटाई. सामने आई जानकारी के मुताबिक युवक के गिरने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है. फिलहाल उसके गिरने की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है.